रायपुर। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार जुलाई के पहले सप्ताह में चिंतन शिविर 3.0 का आयोजन करने जा रही है। प्रस्तावित दो दिवसीय शिविर में मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai सहित राज्य मंत्रिपरिषद के सभी सदस्य शामिल होंगे।
सूत्रों के अनुसार, शिविर में सरकार के कामकाज की समीक्षा, विभागों के बीच बेहतर समन्वय, सुशासन और प्रशासनिक सुधारों से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही आगामी कार्ययोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी मंथन होने की संभावना है।
चिंतन शिविर में देश के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा, जो मंत्रियों को सुशासन, नीति निर्माण, नेतृत्व क्षमता, प्रशासनिक दक्षता और नवाचार से जुड़े विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
सरकार का मानना है कि ऐसे शिविरों के माध्यम से मंत्रियों और विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित होगा तथा योजनाओं के क्रियान्वयन में गति आएगी। शिविर की तिथि और स्थान को लेकर जल्द ही औपचारिक घोषणा किए जाने की संभावना है।
