बेमेतरा। बेमेतरा जिले के थानखम्हरिया थाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने शुक्रवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रधान आरक्षक अजय लहरे को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। खास बात यह है कि जिले में एक महीने के भीतर ACB की यह दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
जानकारी के अनुसार, खैरझिटीकला निवासी दुर्गेश पटेल ने ACB में शिकायत दर्ज कराई थी कि गांव में पेड़ कटाई को लेकर हुए विवाद में पुलिस उनके खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई करने की धमकी दे रही थी।
शिकायतकर्ता का आरोप था कि कार्रवाई नहीं करने के एवज में प्रधान आरक्षक ने 20 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। बाद में सौदा 15 हजार रुपये में तय हुआ।
शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया। तय योजना के अनुसार शिकायतकर्ता ने केमिकल लगे 15 हजार रुपये प्रधान आरक्षक अजय लहरे को दिए। रकम लेते ही पहले से निगरानी कर रही ACB टीम ने उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद ACB अधिकारियों ने थानखम्हरिया थाना परिसर को अपने नियंत्रण में लेकर आवश्यक दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की जांच शुरू कर दी। जांच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और थाने में बाहरी लोगों की आवाजाही सीमित कर दी गई। प्रारंभिक कार्रवाई पूरी करने के बाद ACB की टीम आरोपी प्रधान आरक्षक को अपने साथ ले गई। इस कार्रवाई से जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ ACB की सख्त निगरानी एक बार फिर सामने आई है।
