रायपुर। राजधानी रायपुर में ऑटो और ई-रिक्शा यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए कमिश्नरेट पुलिस ने वाहनों में QR कोड लगाने की शुरुआत कर दी है। पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने शनिवार को कालीबाड़ी स्थित यातायात कार्यालय में इस अभियान का शुभारंभ किया।
QR कोड स्कैन करते ही यात्रियों को वाहन चालक और मालिक की पूरी जानकारी मिल सकेगी। इससे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने, वाहन की पहचान करने और सामान छूट जाने की स्थिति में चालक से संपर्क करना आसान होगा। पुलिस ने नागरिकों से केवल QR कोड लगे ऑटो और ई-रिक्शा में ही यात्रा करने की अपील की है।
कमिश्नरेट पुलिस ने बताया कि 15 दिनों में 15,047 ऑटो और ई-रिक्शा का ऑनलाइन डिजिटल पंजीयन पूरा किया गया है। इस उपलब्धि के साथ रायपुर देश का पहला जिला बन गया है, जिसने इतने कम समय में सार्वजनिक परिवहन वाहनों का डिजिटल रजिस्ट्रेशन कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान बनाया है। इस उपलब्धि पर पुलिस अधिकारियों को प्रमाणपत्र और मेडल भी प्रदान किए गए।
कार्यक्रम में यातायात, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा से संबंधित जागरूकता फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। इन फिल्मों का प्रसारण सोशल मीडिया, एलईडी स्क्रीन, मॉल और पीवीआर के माध्यम से किया जाएगा। अगले चरण में ऑटो चालकों को परिचय-पत्र जारी करने और ऑटो स्टैंड का चिन्हांकन करने की योजना है।
