उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व की एलीफेंट अलर्ट ऐप और थर्मल ड्रोन प्रणाली की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना
गरियाबंद। छत्तीसगढ़ की तकनीक आधारित वन्यजीव संरक्षण रणनीति को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़ी पहचान मिली है। अमेरिका की प्रतिष्ठित प्रौद्योगिकी पत्रिका MIT Technology Review ने उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व में संचालित एआई आधारित हाथी संरक्षण पहल को प्रमुखता से प्रकाशित किया है।
रिजर्व क्षेत्र में मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के लिए एलीफेंट अलर्ट ऐप, इंफ्रारेड थर्मल सेंसर युक्त ड्रोन, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), थर्मल इमेजिंग और रियल-टाइम सामुदायिक चेतावनी प्रणाली का उपयोग किया जा रहा है। इस नवाचार को वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में प्रभावी और सफल पहल के रूप में सराहा गया है।
इस प्रणाली के तहत थर्मल ड्रोन से हाथियों की गतिविधियों की निगरानी की जाती है। जैसे ही हाथियों की लोकेशन का पता चलता है, प्रशिक्षित ऑपरेटर AI Elephant Alert App के माध्यम से वन अमले और आसपास के ग्रामीणों को तुरंत अलर्ट भेजते हैं। इससे समय रहते लोगों को सतर्क किया जा सकता है और मानव-हाथी संघर्ष की घटनाओं में कमी लाने में मदद मिल रही है।
