बालोद।
गुरूर विकासखंड के शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बड़झूम के प्रधान पाठक डोंगर सिंह निषाद को विद्यालय परिसर में 29 हरे-भरे पेड़ों की कटाई कराए जाने के मामले में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा विभाग दुर्ग ने जिला शिक्षा अधिकारी बालोद की रिपोर्ट के आधार पर की है।
जारी आदेश के अनुसार, प्रधान पाठक ने स्कूल विकास समिति के प्रस्ताव के आधार पर विद्यालय परिसर में लगभग 29 हरे-भरे पेड़ों की कटाई कराई, लेकिन इसकी सूचना सक्षम उच्च अधिकारियों को नहीं दी। शिक्षा विभाग ने इसे शासकीय कार्यों के प्रति गंभीर लापरवाही, कर्तव्य की उपेक्षा तथा स्वेच्छाचारिता मानते हुए छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1966 के तहत निलंबन की कार्रवाई की है।
निलंबन अवधि में डोंगर सिंह निषाद का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, डौंडी लोहारा निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता मिलेगा। साथ ही जिला शिक्षा अधिकारी बालोद को एक सप्ताह के भीतर आरोप पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
