Advertisement Carousel

भूमि अधिग्रहण का विरोध हिंसक, पथराव में डीएसपी समेत 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल


सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर विकासखंड अंतर्गत मदननगर-धरमपुर क्षेत्र में भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई के दौरान शनिवार को ग्रामीणों का विरोध हिंसक हो गया। कार्रवाई का विरोध कर रहे ग्रामीणों ने पुलिस और प्रशासन की टीम पर पथराव कर दिया। घटना में डीएसपी समेत 24 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में महिला पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। कई घायल जवानों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।


जानकारी के अनुसार, भूमि अधिग्रहण और सर्वे को लेकर लंबे समय से ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई थी। प्रशासन की टीम जब कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची तो बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और पथराव शुरू हो गया, जिससे पुलिस बल को पीछे हटना पड़ा।


घटना के बाद पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पांच जिलों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया है और पूरे क्षेत्र को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई फिलहाल रोक दी गई है।


प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। वहीं, घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!