Advertisement Carousel

अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 15 चोरी की बाइक बरामद; 3 आरोपी गिरफ्तार



राजनांदगांव पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, यूपी तक फैला था गिरोह का नेटवर्क; फर्जी नंबर प्लेट लगाकर छिपाते थे पहचान


राजनांदगांव। राजनांदगांव पुलिस ने अंतर्राज्यीय मोटरसाइकिल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर सेल, लालबाग और कोतवाली थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 15 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। आरोपी कबीरधाम जिले के निवासी हैं और चोरी के बाद बाइक लेकर उत्तर प्रदेश के मथुरा में जाकर रहते थे।


पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई को थाना लालबाग क्षेत्र में हुई बाइक चोरी की जांच के दौरान गिरोह का सुराग मिला। पूछताछ में आरोपियों ने राजनांदगांव, रायपुर और महाराष्ट्र के आमगांव से कुल छह मोटरसाइकिल चोरी करना स्वीकार किया। जांच के दौरान कुल 15 चोरी की बाइक बरामद की गईं।


आरोपी चोरी की मोटरसाइकिलों की पहचान छिपाने के लिए उन पर फर्जी नंबर प्लेट लगाते थे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि जिले में अपराधों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में क्राइम ब्रांच, सीएसपी और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से यह बड़ी सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि आरोपियों से अन्य मामलों में भी पूछताछ जारी है और आगे और चोरी की बाइक बरामद होने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!