टिकरापारा की दो ज्वेलरी दुकानों को बनाया निशाना, 12 ग्राम सोने के सिक्के जब्त, साइबर फ्रॉड नेटवर्क की जांच जारी
रायपुर। राजधानी रायपुर में साइबर ठगी की रकम से सोने के सिक्के खरीदकर ज्वेलर्स को चूना लगाने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने टिकरापारा स्थित दो ज्वेलरी दुकानों में फर्जी ऑनलाइन भुगतान के जरिए लाखों रुपये के सोने के सिक्के खरीदे थे। बाद में बैंक ने भुगतान की राशि साइबर ठगी से जुड़ी होने के कारण फ्रीज कर दी, जिससे व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) रॉबिन्सन गुरिया के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा टिकरापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने तकनीकी जांच, यूपीआई ट्रांजेक्शन, बैंक खातों, मोबाइल नंबर, सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने JAGDAMBA TC यूपीआई आईडी के माध्यम से भुगतान कर साइबर ठगी की राशि का इस्तेमाल सोने के सिक्के खरीदने में किया। पुलिस ने मनजीत मंडल (27), शाहिल नेताम (21) और आयुष साहू (21) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 12 ग्राम सोने के सिक्के, जिनकी कीमत लगभग ₹1.80 लाख है, बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने संतोषी नगर स्थित श्री ओम शांति ज्वेलर्स से करीब ₹99,900 और टिकरापारा स्थित अजय ज्वेलर्स से ₹76,220 के सोने के सिक्के खरीदे। इसके अलावा एक मामले में ₹23,500 वापस लेकर भी धोखाधड़ी की गई। बैंक जांच में सामने आया कि भुगतान की रकम साइबर ठगी से जुड़े खातों से आई थी, जिसे बाद में होल्ड कर दिया गया।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर साइबर ठगी के पूरे नेटवर्क, अन्य सहयोगियों और इसी तरह की अन्य वारदातों की जानकारी जुटा रही है। आरोपियों के मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की फोरेंसिक जांच भी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच जारी है।
