Advertisement Carousel

कुलगाम में आतंकियों ने छत्तीसगढ़ के दो प्रवासी मजदूरों को बनाया निशाना, बलौदा बाजार के युवक की मौत, सक्ती का मजदूर गंभीर घायल


ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे दोनों मजदूर, अज्ञात आतंकियों ने की अंधाधुंध फायरिंग; सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी


कुलगाम/रायपुर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले के केलम क्षेत्र में गुरुवार देर शाम आतंकियों ने गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाते हुए फायरिंग कर दी। इस हमले में छत्तीसगढ़ के बलौदा बाजार जिले के रहने वाले 24 वर्षीय दीपक रात्रे की मौत हो गई, जबकि सक्ती जिले के निवासी भूपिंदर (28) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।


पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों मजदूर कुलगाम के केलम इलाके स्थित 77-बी ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात बंदूकधारियों ने अचानक उन पर फायरिंग शुरू कर दी। गोलियां लगने से दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दीपक रात्रे को मृत घोषित कर दिया, जबकि भूपिंदर की हालत गंभीर बनी हुई है।


घटना की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, सेना और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची। पूरे इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। सुरक्षा एजेंसियां हमले में शामिल आतंकियों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी हैं।


प्रारंभिक जांच में यह हमला गैर-स्थानीय मजदूरों को निशाना बनाकर किया गया लक्षित आतंकी हमला माना जा रहा है। हालांकि, देर रात तक किसी भी आतंकी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली थी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


बताया जा रहा है कि दोनों युवक रोजी-रोटी कमाने के लिए छत्तीसगढ़ से जम्मू-कश्मीर गए थे और पिछले कुछ समय से कुलगाम के ईंट-भट्ठे पर काम कर रहे थे। इस घटना की जानकारी उनके परिजनों को दे दी गई है। बलौदा बाजार और सक्ती जिलों में घटना की खबर पहुंचते ही शोक का माहौल है।


हाल के महीनों में दक्षिण कश्मीर में गैर-स्थानीय मजदूरों और नागरिकों को निशाना बनाने की घटनाएं चिंता का विषय बनी हुई हैं। ताजा हमला सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी बड़ी चुनौती माना जा रहा है। फिलहाल पूरे क्षेत्र में हाई अलर्ट घोषित कर आतंकियों की धरपकड़ के लिए अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!