Advertisement Carousel

बालोद में दर्दनाक सड़क हादसा, महिला बाइक राइडर की मौत


बालोद। पुरूर थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 पर मरकाटोला घाट के पास बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से कांकेर जा रहे बाइकर्स के समूह में शामिल मुंबई निवासी महिला बाइक राइडर रिद्धि ठक्कर की ट्रेलर की टक्कर से मौत हो गई।


जानकारी के मुताबिक करीब 20 बाइक राइडर्स का समूह रायपुर से कांकेर की ओर निकला था। धमतरी के बाद करीब 17 बाइकर्स आगे निकल गए, जबकि तीन राइडर्स पीछे चल रहे थे। इसी दौरान मरकाटोला घाट के पास सामने से आए ट्रेलर ने रिद्धि ठक्कर की बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।


डायल-112 की मदद से उन्हें चारामा अस्पताल पहुंचाया गया। हालत गंभीर होने पर उन्हें धमतरी रेफर किया गया, जहां राम अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान कांदिवली, मुंबई वेस्ट निवासी रिद्धि ठक्कर के रूप में हुई है। उनकी बाइक का नंबर MH 12 SP 0835 बताया गया है।


हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी बाइकर्स ने तत्काल मदद पहुंचाई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेज दिया है। परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद वे मुंबई से रायपुर पहुंचेंगे।


फिलहाल पुरूर पुलिस ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!