नई दिल्ली। भारत के व्यापारिक एवं औद्योगिक क्षेत्र को नई दिशा देने और देशभर के व्यापारियों को एक मंच पर लाने के उद्देश्य से 14 एवं 15 अगस्त को भारत मंडपम, प्रगति मैदान, नई दिल्ली में भारतीय व्यापार महोत्सव का गरिमामय आयोजन किया गया। इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में छत्तीसगढ़ के व्यापारिक प्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ के व्यापारियों एवं प्रतिनिधियों ने महोत्सव में सहभागिता की। आयोजन में देशभर से पहुंचे व्यापारियों, उद्यमियों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने व्यापार को आधुनिक तकनीक, डिजिटल प्लेटफॉर्म और नए बाजारों से जोड़ने को लेकर विचार-विमर्श किया।
महोत्सव में स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने, छोटे एवं मध्यम व्यापारियों के लिए नए अवसर तैयार करने तथा व्यापारिक गतिविधियों को डिजिटल माध्यम से विस्तार देने पर विशेष जोर दिया गया। ई-कॉमर्स, डिजिटल भुगतान, लॉजिस्टिक्स, नवाचार और बदलते बाजार की जरूरतों जैसे विषय भी चर्चा के प्रमुख केंद्र रहे।
अमर परवानी के नेतृत्व में रघुनाथ पोद्दार, रफीक मेमन, शोएब अख्तर, मनीष अग्रहरि, प्रमोद सिंह, रवि गुप्ता, मोहम्मद सिराज, संदीप दुआ, कृति सोनी, माखन जायसवाल, अरविंद सराफ सहित अन्य व्यापारियों ने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया। प्रतिनिधियों ने देश के विभिन्न हिस्सों से आए व्यापारियों और व्यापारिक संगठनों से संवाद कर व्यापार विस्तार की संभावनाओं पर चर्चा की।
प्रतिनिधियों ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजन व्यापारियों को नई तकनीक और बदलते कारोबारी परिवेश को समझने के साथ-साथ देशभर के व्यापारिक संगठनों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं। भारतीय व्यापार महोत्सव में छत्तीसगढ़ की सक्रिय सहभागिता ने प्रदेश के व्यापारिक क्षेत्र की क्षमता और संभावनाओं को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।
