जांजगीर-चांपा। शादी के नाम पर लोगों से साइबर ठगी करने वाले गिरोह का जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी लड़की की आवाज निकालकर लोगों से शादी का रिश्ता तय कराने का झांसा देते थे और इसके बाद अलग-अलग बहानों से रकम ऐंठते थे। जांच के दौरान कवर्धा, रायपुर, बलौदाबाजार, बालोद और महासमुंद समेत कई जिलों के लोगों से ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, हेडफोन, व्हाट्सऐप चैटिंग से जुड़े साक्ष्य और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के पंपलेट जब्त किए हैं। आरोपियों के बैंक खातों में लाखों रुपये के साइबर ठगी से जुड़े लेनदेन भी पाए गए हैं।
जांजगीर-चांपा साइबर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस अब ठगी से जुड़े अन्य लोगों और बैंक खातों के लेनदेन की भी जांच कर रही है।
