रायपुर। राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए भारतीय प्रशासनिक सेवा के कई अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी हैं। सामान्य प्रशासन विभाग ने 18 अगस्त को इस संबंध में आदेश जारी किया है। तबादले के साथ कई अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपे गए हैं।
आदेश के अनुसार प्रमुख सचिव आदिम जाति विकास विभाग सोनमणि बोरा को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं आर. संगीता को आगामी आदेश तक नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव का प्रभार सौंपा गया है।
भुवनेश यादव को योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सचिव के साथ आदिम जाति विकास विभाग, वाणिज्यिक कर (पंजीयन), पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक विकास विभाग का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
प्रशासनिक फेरबदल में कई जिलों के कलेक्टर भी बदले गए हैं। नीलेश कुमार महादेव क्षीरसागर को कांकेर कलेक्टर के पद से हटाकर नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। रवींद्र शर्मा को गरियाबंद कलेक्टर के पद पर पदस्थ किया गया है।
कुंदन कुमार को मुंगेली कलेक्टर से हटाकर बिलासपुर कलेक्टर बनाया गया है, जबकि अमृत विकास तोपनो को मुंगेली कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यशश्री जैन को सुकमा कलेक्टर बनाया गया है। वहीं तुलिका प्रजापति को कवर्धा कलेक्टर की जिम्मेदारी मिली है।
भगवान सिंह उईके को गरियाबंद कलेक्टर के पद से हटाकर सामान्य प्रशासन विभाग में संयुक्त सचिव बनाया गया है। गोपाल वर्मा को कबीरधाम कलेक्टर के पद से हटाकर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग में संयुक्त सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा तंजुजा सलाम को मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी का कलेक्टर बनाया गया है। रोमा श्रीवास्तव को सरगुजा जिला पंचायत का मुख्य कार्यपालन अधिकारी नियुक्त किया गया है। आकांक्षा शिक्षा खलखो को नारायणपुर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी के साथ खेल एवं युवा कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सरकार ने लीना कोसम को लोक सेवा आयोग में परीक्षा नियंत्रक की जिम्मेदारी दी है। सौमिल रंजन चौबे को पर्यटन मंडल का प्रबंध संचालक बनाया गया है। वहीं पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक विवेक आचार्य की सेवाएं उनके मूल विभाग वन विभाग को तत्काल प्रभाव से वापस कर दी गई हैं।
इसके अलावा गजेंद्र सिंह ठाकुर को समाज कल्याण विभाग का अतिरिक्त प्रभार, हिना अनिमेष नेताम को अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार और जन्मेजय महोबे को नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
सौमिल रंजन चौबे द्वारा पर्यटन मंडल का कार्यभार ग्रहण करने के बाद निवर्तमान प्रबंध संचालक इफ्तकारा आरा को नागरिक आपूर्ति निगम के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त किया जाएगा। वहीं सिमरिजियुस एक्का को जल जीवन मिशन के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राज्य सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल को आगामी दिनों में विभागीय कामकाज को और गति देने तथा जिलों में प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
