रायपुर। राजधानी रायपुर 23 अगस्त को शिवभक्ति के विराट जनसैलाब की साक्षी बनेगी। रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में लगातार आठवें वर्ष विशाल कांवड़ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा सुबह 9 बजे गुढ़ियारी स्थित मारुति मंगलम से शुरू होकर महादेव घाट स्थित बाबा हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर पहुंचेगी। इससे पहले सुबह 8 बजे मारुति मंगलम में विधि-विधान से पूजा-अर्चना और दिव्य शिवाभिषेक किया जाएगा।
आयोजकों के अनुसार इस वर्ष करीब 10 हजार कांवड़ियों के शामिल होने की तैयारी है। श्रद्धालु एक समान परिधान में कांवड़ लेकर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष के साथ बाबा हटकेश्वरनाथ का जलाभिषेक करेंगे। आयोजन को व्यवस्थित बनाने के लिए करीब 500 वालंटियर तैनात रहेंगे।
देशभर के कलाकार देंगे प्रस्तुतियां
कांवड़ यात्रा में देश के विभिन्न राज्यों की धार्मिक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। उत्तर प्रदेश की महाकाल-अघोरी व महाकाली टीम, दिल्ली की महाकाल अघोरी टीम, केरल का भारतनाट्यम और पारंपरिक नृत्य, उज्जैन की डमरू महाकाल सवारी, महाराष्ट्र का नागपुर ढोल, खड़गपुर की मां काली टीम और ओडिशा के पारंपरिक दल शामिल होंगे। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर, कोरबा, दुर्ग, भिलाई, बेंद्री और रायपुर के कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।
यात्रा में शिव परिवार, राम-सीता दरबार, हनुमान वानर सेना, बाहुबली हनुमान, परशुराम, जामवंत, गणेश, सुग्रीव, भोलेबाबा और महाकाल समेत विभिन्न धार्मिक झांकियां भी शामिल रहेंगी। 11 घोड़े, दो बग्घियां, लाइव सिंगिंग और लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां यात्रा की भव्यता बढ़ाएंगी।
भाजपा के सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों की सहभागिता
कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में बैठक आयोजित की गई। इसमें भाजपा रायपुर शहर जिला, युवा मोर्चा, महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की सहभागिता सुनिश्चित करने पर चर्चा हुई। श्रद्धालुओं की सुविधा, यात्रा संचालन और अनुशासन के लिए कार्यकर्ताओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं।
राजेश मूणत ने कहा कि पिछले आठ वर्षों में रायपुर की जनता और शिवभक्तों ने कांवड़ यात्रा को जिस आत्मीयता से अपनाया है, उससे यह आयोजन धार्मिक जनउत्सव का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा कि करीब 10 हजार शिवभक्तों के एक साथ कांवड़ लेकर निकलने से राजधानी का वातावरण शिवमय होगा और देशभर से आने वाले सांस्कृतिक दल यात्रा को विशेष स्वरूप देंगे।
आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित मंत्रीगण और रायपुर के विधायकगण के शामिल होने की जानकारी दी गई है। आयोजकों के मुताबिक यात्रा की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं।
