रायपुर। भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम के ऐलान के बाद छत्तीसगढ़ में सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश से दो नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज ने उन्हें बधाई दी, लेकिन भाजपा पर निशाना भी साधा। बैज ने कहा कि पार्टी के मुख्य संगठन में छत्तीसगढ़ के किसी वरिष्ठ नेता को प्रमुख जिम्मेदारी नहीं दी गई है।
कांग्रेस के इस आरोप पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को भाजपा की चिंता करने के बजाय अपना संगठन देखना चाहिए। जायसवाल ने कहा कि भाजपा की राष्ट्रीय टीम में छत्तीसगढ़ को सोशल मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिली है। मौजूदा दौर में एक्चुअल के साथ वर्चुअल माध्यम की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। उन्होंने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस हर जगह उपेक्षित रहती है, इसलिए उसे हर जगह उपेक्षा ही दिखाई देती है।
