रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल ने देश में रेल नेटवर्क के विस्तार और क्षमता बढ़ाने के लिए ₹10,783 करोड़ की तीन मल्टीट्रैकिंग रेल परियोजनाओं को मंजूरी दी है। इनमें छत्तीसगढ़ के लिए बिलासपुर (उसलापुर)-पेंड्रा रोड तीसरी लाइन और कटनी-पेंड्रा रोड चौथी लाइन परियोजना को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि इन परियोजनाओं से प्रदेश में रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ेगी और यात्री सुविधाओं में सुधार होगा। साथ ही उद्योग एवं व्यापार के लिए माल परिवहन अधिक सुगम और तेज होगा। उन्होंने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास को भी गति मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय ने इस निर्णय को ‘विकसित भारत-विकसित छत्तीसगढ़’ के संकल्प को गति देने वाला बताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का प्रदेश की जनता की ओर से आभार व्यक्त किया।
