Advertisement Carousel

भर्ती घोटाले को लेकर कांग्रेस पर भाजपा का हमला, गौरीशंकर श्रीवास बोले- भ्रष्टाचार का पैसा विदेशों में खपाया जा रहा



रायपुर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने भर्ती घोटालों और कथित भ्रष्टाचार को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने उत्तराखंड के भर्ती घोटाले का हवाला देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत की गिरफ्तारी की मांग की। श्रीवास ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता और मंत्री भर्ती माफिया बनकर युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रहे हैं।


उन्होंने ईडी की कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि छापेमारी में नकदी, सोना और महंगी घड़ियां बरामद हुई हैं। श्रीवास ने जब्त रकम को पार्टी चंदा बताए जाने पर आधिकारिक बैंक खातों और दानदाताओं की जांच की मांग की।


भाजपा प्रवक्ता ने कर्नाटक के मंत्री सतीश जारकीहोली से जुड़े कथित विदेशी निवेश का भी मुद्दा उठाया और कांग्रेस के चुनावी खातों व चंदा देने वालों का विवरण सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित राज्यों में भ्रष्टाचार का पैसा विदेशों में निवेश किया जा रहा है।


श्रीवास ने छत्तीसगढ़ की पिछली कांग्रेस सरकार के दौरान हुए कथित भर्ती घोटालों का जिक्र करते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से भ्रष्टाचार के आरोपों पर जवाब देने की मांग की। प्रेस वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया सह संयोजक प्रवीण साहू भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!