Advertisement Carousel

रायपुर निगम की टेंडर वेबसाइट पर गड़बड़ी, टेंडर के नाम की जगह ‘JHJHHJHHJ’, दस्तावेज में अपलोड मिला बिजली बिल

रायपुर। रायपुर नगर निगम की ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर निगम की आधिकारिक वेबसाइट के Manual Tender सेक्शन में टेंडर से जुड़ी जानकारी में कथित गड़बड़ी सामने आई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में टेंडर नंबर H01197 के सामने टेंडर के नाम की जगह ‘JHJHHJHHJ’ जैसा टेक्स्ट दर्ज दिखाई दे रहा है।

मामला यहीं खत्म नहीं होता। वीडियो में टेंडर के View Details सेक्शन में जाने पर कथित तौर पर प्रेरणा शर्मा के नाम का बिजली बिल दस्तावेज के रूप में अपलोड दिखाई देता है। इससे नगर निगम की ऑनलाइन टेंडर व्यवस्था में डेटा एंट्री, दस्तावेज अपलोडिंग और निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

अब सवाल यह है कि आखिर टेंडर नंबर H01197 में टेंडर के नाम की जगह ऐसा बेतरतीब टेक्स्ट कैसे दर्ज हुआ और बिजली बिल जैसा निजी दस्तावेज टेंडर से जुड़े रिकॉर्ड में कैसे अपलोड हो गया? क्या यह महज तकनीकी या डेटा एंट्री की गलती है अथवा दस्तावेज अपलोड करने में गंभीर लापरवाही बरती गई?

मामले में नगर निगम प्रशासन से स्पष्टता की जरूरत है कि उक्त टेंडर रिकॉर्ड में गड़बड़ी कब और कैसे हुई, इसकी जिम्मेदारी किसकी है और क्या संबंधित अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि वेबसाइट पर अपलोड दस्तावेज की जांच और सत्यापन की व्यवस्था आखिर किस स्तर पर होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!