रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर गुरुवार को राजधानी रायपुर का महादेव घाट सवा लाख दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। खारुन नदी के तट पर आयोजित विराट दीपोत्सव एवं महाआरती ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल हुए। उन्होंने प्रदेशवासियों के साथ प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की।
महाआरती के दौरान साध्वी प्रज्ञा भारती एवं आचार्यों ने विधि-विधान से खारुन मैया की पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री साय ने भी आरती में सहभागिता की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को समर्पित साध्वी प्रज्ञा भारती द्वारा रचित एवं स्वरबद्ध गीत का विमोचन किया गया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपना जीवन राष्ट्र और जनसेवा को समर्पित किया है। उनके नेतृत्व में देश में विकास, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण निर्णय हुए हैं। उन्होंने कहा कि गरीबों को आवास, शौचालय, जन-धन खाते, गैस कनेक्शन और खाद्य सुरक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम व्यापक स्तर पर हुआ है।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री का छत्तीसगढ़ से भी गहरा आत्मीय जुड़ाव रहा है। केंद्र के सहयोग से प्रदेश, विशेषकर बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, बिजली, मोबाइल कनेक्टिविटी, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हुआ है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। छत्तीसगढ़ में भी स्वच्छता, स्वास्थ्य, पोषण, पर्यावरण संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े कार्य जनभागीदारी से किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि रायपुर में विभिन्न स्थानों पर करीब 32 लाख दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के प्रति शुभकामनाएं व्यक्त की जा रही हैं।
