Advertisement Carousel

बारिश से खराब सड़कों पर अरुण साव नाराज, 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के निर्देश


रायपुर। बारिश के बाद प्रदेशभर में खराब सड़कों और पुलों की स्थिति को लेकर उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव ने नाराजगी जताई है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों सहित सभी क्षतिग्रस्त सड़कों और पुलों की मरम्मत 15 अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश दिए।


नवा रायपुर स्थित पीडब्ल्यूडी मुख्यालय में हुई बैठक में साव ने सभी मुख्य अभियंताओं, अधीक्षण अभियंताओं और कार्यपालन अभियंताओं से सड़कों की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को अगले दो-तीन दिनों में अपने क्षेत्रों का दौरा कर सड़कों और पुलों का निरीक्षण करने तथा मरम्मत के लिए पुख्ता कार्ययोजना बनाने को कहा।


उन्होंने कहा कि जिन नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, उन्हें 15 अक्टूबर से युद्धस्तर पर शुरू किया जाए। सड़कों, पुलों और डिवाइडरों की मरम्मत के साथ साफ-सफाई और रंगाई-पुताई भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।


उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को सप्ताह में दो-तीन दिन फील्ड में रहने, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने तथा वाहन चालकों की सुविधा के लिए डायवर्जन और पर्याप्त साइनेज लगाने को कहा। परफॉर्मेन्स गारंटी वाली सड़कों की मरम्मत संबंधित ठेकेदारों से कराने के निर्देश भी दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!