नई दिल्ली/रायपुर। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में ‘राष्ट्रीय सोशल मीडिया कार्यशाला’ का शुभारंभ किया। कार्यशाला में देशभर से भाजपा के सोशल मीडिया पदाधिकारी शामिल हुए। नितिन नवीन ने सोशल मीडिया की बढ़ती भूमिका और संगठनात्मक गतिविधियों में इसके प्रभावी उपयोग पर पदाधिकारियों को संबोधित किया।
इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री विनोद तावड़े और सोशल मीडिया के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने सोशल मीडिया की वर्तमान आवश्यकता और संगठन में उसकी भूमिका पर विस्तार से जानकारी दी।
भाजपा सोशल मीडिया के राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कांग्रेस पर सोशल मीडिया के जरिए कथित रूप से भ्रम और गलत सूचनाएं फैलाने का आरोप लगाते हुए तथ्यात्मक तरीके से जवाब देने का आह्वान किया। उन्होंने छत्तीसगढ़ भाजपा सोशल मीडिया टीम के कार्यों की भी सराहना की।
कार्यशाला में छत्तीसगढ़ से प्रदेश संयोजक मितुल कोठारी, प्रदेश सह संयोजक राकेश चंद्राकर, दिनेश सुंदरानी, गिन्नी चावला, रवि मिश्रा और तेजपाल शर्मा समेत प्रदेश सोशल मीडिया पदाधिकारी मौजूद रहे।
