भुवनेश्वर/रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रविवार को भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी से उनके निवास पर मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़-ओडिशा के आपसी सहयोग, विकास, जनकल्याण और महानदी जल विवाद समेत विभिन्न महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दोनों राज्य सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रूप से गहराई से जुड़े हैं। आपसी संवाद और सहयोग के जरिए साझा हितों से जुड़े मुद्दों का समाधान निकाला जा सकता है। महानदी जल विवाद को लेकर उन्होंने कहा कि अब समाधान की दिशा में सकारात्मक वातावरण बना है और बहुत जल्द इसका हल निकलने की उम्मीद है।
साय ने बताया कि दोनों राज्य केंद्रीय जल आयोग (CWC) के फैसले को स्वीकार करने पर सहमत हैं। जुलाई में केंद्र सरकार ने भी दोनों राज्यों के बीच विवाद के सौहार्दपूर्ण समाधान के लिए बैठक कर तकनीकी और आपसी सहमति के जरिए आगे बढ़ने की पहल की थी।
दोनों राज्यों में भाजपा और केंद्र में एनडीए सरकार होने का उल्लेख करते हुए साय ने कहा कि केंद्र के सहयोग और दोनों राज्यों की सकारात्मक पहल से लंबे समय से चले आ रहे इस विवाद के समाधान का रास्ता साफ हुआ है।
