रायपुर, 24 सितंबर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा चुनाव आयोग पर लगाए गए आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि चुनावी हार के बाद कांग्रेस अपनी नीतियों और कार्यशैली पर आत्ममंथन करने के बजाय हर बार हार का नया बहाना तलाशती है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने पर कांग्रेस को व्यवस्था सही नजर आती है, लेकिन हारने पर ईवीएम, एसआईआर और अब चुनाव आयोग पर सवाल उठाए जाते हैं। यह कांग्रेस का दोहरा रवैया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में हार-जीत स्वाभाविक है। जनता जिस दल को जनादेश देती है, उसे सरकार चलाने की जिम्मेदारी मिलती है, जबकि जनादेश से बाहर रहने वाले दल को जनता के बीच जाकर अपना विश्वास दोबारा हासिल करना चाहिए। चुनाव परिणामों पर बार-बार सवाल उठाने से कांग्रेस का जनविश्वास वापस नहीं आएगा। इसके लिए उसे अपनी नीतियों और कार्यशैली पर गंभीरता से विचार करना होगा।
राहुल गांधी द्वारा मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ के चुनावों में कथित गड़बड़ियों का हवाला दिए जाने पर साय ने कहा कि चुनावी परिणामों पर संदेह जताने के बजाय लोकतांत्रिक जनादेश का सम्मान किया जाना चाहिए।
वहीं, छत्तीसगढ़ भाजपा की नवनियुक्त प्रभारी स्मृति ईरानी पर भूपेश बघेल की टिप्पणी को लेकर पूछे गए सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा, “भूपेश बघेल पहले अपनी चिंता करें। पंजाब की जनता ने उन्हें किक आउट किया है।”
