Advertisement Carousel

पीएससी घोटाले पर राहुल गांधी की चुप्पी को लेकर भाजपा ने कांग्रेस से मांगा जवाब

रायपुर, 24 सितंबर। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमित चिमनानी ने युवा कांग्रेस के संगठन चुनाव में कथित धांधली, कांग्रेस की अंतर्कलह और छत्तीसगढ़ पीएससी मामले को लेकर कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने सवाल उठाया कि युवाओं के भविष्य से जुड़े पीएससी मामले में राहुल गांधी और कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व चुप क्यों है।

एकात्म परिसर स्थित भाजपा कार्यालय में पत्रकार वार्ता में चिमनानी ने कहा कि कांग्रेस एक ओर लोकतंत्र और संविधान की बात करती है, वहीं अपने संगठन के चुनाव में कथित फर्जी मतदान और फर्जी मतदाता सूची जैसे आरोपों पर मौन है। उन्होंने बताया कि सरगुजा कांग्रेस के जिला पंचायत सदस्य पंकज तिवारी ने युवा कांग्रेस चुनाव में फर्जी मतदान और फर्जी मतदाता सूची का आरोप लगाते हुए चुनाव निरस्त करने की मांग की है। उन्होंने कुनकुरी और भानुप्रतापपुर में भी कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं की ओर से लगाए गए आरोपों का उल्लेख किया।

चिमनानी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा टीएस सिंहदेव और चरणदास महंत को मुख्यमंत्री पद के दावेदार बताए जाने को लेकर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में अभी काफी समय है, ऐसे में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों की चर्चा कांग्रेस की आंतरिक खींचतान को दर्शाती है।

पीएससी मामले को लेकर चिमनानी ने जांच एजेंसियों के हवाले से कई दावे किए। उन्होंने कहा कि 2021-22 की परीक्षा में करीब 1.29 लाख अभ्यर्थियों में से 170 का चयन हुआ था और जांच में कथित अनियमितताओं तथा आर्थिक लेनदेन से जुड़े तथ्य सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि जांच एजेंसियों ने विशेष अदालत के समक्ष सीएसआर मद से 45 लाख रुपये के कथित गबन सहित करीब सवा तीन करोड़ रुपये से जुड़े नए तथ्य रखे हैं।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी और जांच चल रही है। उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से पीएससी मामले पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। साथ ही सवाल उठाया कि युवाओं के मुद्दों पर आवाज उठाने का दावा करने वाला कांग्रेस नेतृत्व छत्तीसगढ़ के इस मामले पर क्यों मौन है।

पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश मीडिया सह-संयोजक गोविंदा गुप्ता भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!