रायपुर, 24 सितंबर। कवर्धा शहर के विकास को नई दिशा देने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर 54 करोड़ रुपए की लागत से 7.8 किलोमीटर लंबी 4 लेन सड़क का निर्माण किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री अरुण साव और उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने नया मंडी परिसर में सड़क निर्माण का भूमिपूजन किया। सड़क चंद्रयान हॉस्पिटल से शुरू होकर शहर के प्रमुख हिस्सों से गुजरते हुए जोराताल के आगे तक बनाई जाएगी। इसमें डिवाइडर का भी निर्माण होगा।
रायपुर और बिलासपुर की ओर शहर के दोनों प्रवेश मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार बनाए जाएंगे। इनके डिजाइन में धर्मनगरी कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता दी जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, दोनों मार्गों पर करीब तीन-तीन किलोमीटर सड़क का विकास प्रस्तावित है।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि सरकार प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं और सड़क निर्माण को प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में लोक निर्माण विभाग में 12,666 करोड़ रुपए के कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। उन्होंने कहा कि गांव से लेकर शहर तक विकास कार्यों की गति बढ़ी है।
उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि कवर्धा में करीब 140 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सड़क, शिक्षा, शहर विकास और धार्मिक-पर्यटन से जुड़े कार्य शामिल हैं। कवर्धा में 4.5 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा परिसर का निर्माण किया जा रहा है, जबकि भोरमदेव परिसर के विकास के लिए 1.46 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
इस अवसर पर कवर्धा नगर पालिका में सामुदायिक भवन और मटन मार्केट के लिए 3.50 करोड़, बोड़ला में बाजार विस्थापन के लिए 1.50 करोड़, सहसपुर लोहारा के बाधांटोला में गौरव पथ के लिए 1.50 करोड़ तथा पिपरिया के खेल मैदान के लिए 1.50 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा भी की गई। विभिन्न सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की भी घोषणा हुई।
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि दोनों प्रवेश द्वार कवर्धा की नई पहचान बनेंगे और 4 लेन सड़क से शहर में आवागमन बेहतर होगा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक मौजूद रहे।
