Advertisement Carousel

महानदी में बहती आईं शराब की बोतलें, लूटने पुल पर उमड़ी भीड़


जान जोखिम में डालकर बोतलें पकड़ने का जुगाड़, प्रशासन ने बचा हुआ माल कब्जे में लिया


धमतरी/रायपुर। महानदी में आई बाढ़ के बीच धमतरी जिले के नारी गांव में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। नदी किनारे स्थित शराब दुकान की दीवार बाढ़ के पानी के तेज बहाव में ढह गई। इसके बाद दुकान में रखा शराब का सामान पानी में बह गया। प्लास्टिक की बोतलों में भरी शराब महानदी के तेज बहाव के साथ बहते हुए गोबरा नवापारा की ओर पहुंची तो इसकी खबर लोगों तक पहुंच गई।


शराब की बोतलों के बहने की खबर मिलते ही सोमवारी बाजार पुल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोग नदी में बहकर आ रही बोतलों को पकड़ने के लिए तरह-तरह के जुगाड़ करते नजर आए। किसी ने बांस में जाली लगाई तो कोई किनारे से हाथ बढ़ाकर बोतलें पकड़ने की कोशिश करता रहा। कुछ लोगों के हाथ बोतलें लगीं तो उनके चेहरे खिल उठे, जबकि कई लोग कोशिश के बावजूद खाली हाथ नजर आए।


हालांकि, इस दौरान कई लोग तेज बहाव के बेहद करीब पहुंचकर अपनी जान जोखिम में डालते भी दिखाई दिए। महानदी इस समय बाढ़ के कारण उफान पर है और पानी का बहाव काफी तेज है। ऐसे में शराब की बोतल पकड़ने के लिए नदी के नजदीक जाना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था।


इधर मामले की जानकारी मिलने के बाद जिला प्रशासन सक्रिय हुआ। जिला पंचायत सीईओ जयंत नाहटा के अनुसार, बाढ़ के पानी में बहकर आए सामान में से बचे हुए माल को निकलवाकर प्रशासन ने अपने कब्जे में लिया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि बाढ़ के दौरान नदी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और किसी भी सामान को पाने के लिए अपनी जान जोखिम में न डालें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!