रायपुर। राजधानी रायपुर में GST विभाग ने अविनाश बिल्डर्स से जुड़े कई ठिकानों पर छापेमारी की। जानकारी के अनुसार कार्रवाई पिछले दो दिनों से जारी है। GST विभाग के करीब सात अधिकारियों की टीम ने जीई रोड स्थित मारुति बिजनेस पार्क, मैग्नेटो मॉल के अलावा चौबे कॉलोनी और आमानाका क्षेत्र स्थित परिसरों में जांच की।
बताया जा रहा है कि GST चोरी की सूचना के आधार पर विभाग ने यह कार्रवाई की है। छापेमारी के दौरान बड़ी संख्या में दस्तावेज, कथित बोगस बिल और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए जाने की जानकारी है। अधिकारियों की टीम अलग-अलग ठिकानों पर दस्तावेजों और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
फिलहाल GST विभाग की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही कथित GST चोरी की राशि और अन्य अनियमितताओं को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
