गिरांग मोड़ से बालाछापर तक दिखा उत्साह, संगठन महामंत्री ने पदाधिकारियों से किया परिचय और कार्यकर्ताओं से साधा सीधा संवाद
जशपुर। भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह के प्रथम जशपुर आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। उनके स्वागत के लिए गिरांग मोड़ से बालाछापर स्थित सरना रिसोर्ट तक भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस दौरान झारखंड के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय भी उनके साथ मौजूद रहे।
सरना रिसोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में कर्मवीर सिंह ने जिला भाजपा के पदाधिकारियों, मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने संगठन की गतिविधियों और जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों की जानकारी ली। इस दौरान कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद कर संगठनात्मक समन्वय और सक्रियता पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में गुजरात के वडनगर से बनारस के लिए निकली युवा मोर्चा की सेवा ज्योति रथ यात्रा के यात्रियों से भी कर्मवीर सिंह और पवन साय ने मुलाकात की। दोनों नेताओं ने रथ यात्रियों से उनके अभियान के उद्देश्यों और गतिविधियों को लेकर चर्चा की।
स्वागत कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ शासन के मंत्री राजेश अग्रवाल, भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी, धमतरी महापौर रामू रोहरा, पूर्व राज्यसभा सांसद राजा रणविजय सिंह जूदेव, विधायक गोमती साय और रायमुनी भगत, भाजपा जिलाध्यक्ष भरत सिंह, पूर्व प्रदेश महामंत्री कृष्ण कुमार राय तथा भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा सहित अनेक वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, नगर पालिका अध्यक्ष अरविंद भगत, जिला एवं मंडल स्तर के पदाधिकारी, विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। संगठन महामंत्री के इस दौरे को जशपुर में संगठनात्मक गतिविधियों और प्रदेश नेतृत्व के साथ कार्यकर्ताओं के सीधे संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
