Advertisement Carousel

टॉयलेट में धुल रहे थे मिठाई के बर्तन! न्यू दिल्ली स्वीट्स का वीडियो वायरल

खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

कोरबा। शहर के निहारिका क्षेत्र स्थित चर्चित न्यू दिल्ली स्वीट्स की स्वच्छता व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। प्रतिष्ठान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मिठाई और पकवान बनाने में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों को ऐसे बाथरूम में धोते हुए देखा जा रहा है, जहां टॉयलेट भी अटैच है। वीडियो सामने आने के बाद प्रतिष्ठान की साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि प्रतिष्ठान में पहुंचे एक ग्राहक ने टॉयलेट का इस्तेमाल करने के लिए बाथरूम का रुख किया। वहां का नजारा देखकर ग्राहक भी हैरान रह गया। बाथरूम में खाद्य पदार्थ तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले बर्तनों की धुलाई की जा रही थी। ग्राहक ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया।

वीडियो सामने आने के बाद सबसे बड़ा सवाल प्रतिष्ठान की हाइजीन व्यवस्था और खाद्य सुरक्षा मानकों को लेकर खड़ा हुआ है। जिस स्थान पर लोग टॉयलेट का इस्तेमाल करते हैं, उसी स्थान से जुड़े बाथरूम में मिठाई के बर्तन धोना ग्राहकों की सेहत के लिहाज से कितना सुरक्षित है, यह जांच का विषय है।

मामले को लेकर कर्मचारियों से पूछताछ किए जाने पर कथित तौर पर इमरजेंसी की स्थिति में बर्तन वहां धुलवाए जाने की बात कही गई। लेकिन सवाल यह है कि आखिर ऐसी कौन सी आपात स्थिति थी, जिसके चलते खाद्य पदार्थों के संपर्क में आने वाले बर्तनों को टॉयलेट से जुड़े बाथरूम में धोना पड़ा?

अब खाद्य विभाग की कार्रवाई पर नजर

वीडियो वायरल होने के बाद अब लोगों की नजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग पर है। सवाल उठ रहा है कि क्या विभाग वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर प्रतिष्ठान का निरीक्षण करेगा? क्या यहां खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता के निर्धारित मानकों की जांच होगी? यदि जांच में लापरवाही सामने आती है तो क्या जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी?

शहर में बड़ी संख्या में लोग प्रतिष्ठित मिठाई दुकानों और होटलों पर भरोसा करके खाद्य सामग्री खरीदते हैं। ऐसे में यदि वायरल वीडियो में दिखाई दे रही तस्वीरें सही हैं, तो यह महज सफाई की लापरवाही नहीं बल्कि ग्राहकों के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर मामला बन सकता है। अब देखना होगा कि जिम्मेदार विभाग इस मामले में जांच और कार्रवाई करता है या वायरल वीडियो भी महज सोशल मीडिया की हलचल बनकर रह जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!