11 राज्यों के 35 जिलों से पहुंचीं 162 लघु फिल्में, रूस से भी आई प्रविष्टि; छह विजेताओं को 3.75 लाख रुपये का पुरस्कार
रायगढ़, 3 अक्टूबर। डिजिटल दौर में बढ़ते साइबर अपराधों के बीच जागरूकता को हथियार बनाने की पहल रायगढ़ पुलिस ने की है। साइबर जागृति अभियान के तहत आयोजित लघु फिल्म प्रतियोगिता के समापन समारोह में वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने युवाओं से साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक होकर समाज में ‘साइबर एम्बेसडर’ की भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम रायगढ़ के पूज्य संत बाबा प्रियदर्शी रामजी ऑडिटोरियम में आयोजित हुआ।
वित्त मंत्री चौधरी ने कहा कि डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल के साथ साइबर अपराधों की चुनौती भी लगातार बढ़ रही है। इससे बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय हैं। उन्होंने युवाओं से कहा कि वे खुद साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक हों और अपने परिवार, मित्रों तथा आसपास के लोगों को भी इसके प्रति सजग करें। उन्होंने रायगढ़ पुलिस की सिनेमा और रचनात्मकता के माध्यम से साइबर सुरक्षा का संदेश देने की पहल की सराहना की।
सात सप्ताह में दो लाख लोगों तक पहुंचा संदेश
रायगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि छत्तीसगढ़ पुलिस ने 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक प्रदेशव्यापी साइबर जागृति अभियान चलाया। इस दौरान रायगढ़ जिले में विभिन्न गतिविधियों के जरिए करीब दो लाख लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इसी अभियान के तहत ‘संकल्प : साइबर क्राइम मुक्त छत्तीसगढ़’ थीम पर लघु फिल्म प्रतियोगिता कराई गई। इसका उद्देश्य युवाओं की रचनात्मकता को साइबर जागरूकता से जोड़कर डिजिटल सुरक्षा का संदेश आम लोगों तक पहुंचाना था।
11 राज्यों से आईं फिल्में
प्रतियोगिता को देशभर में व्यापक प्रतिक्रिया मिली। 11 राज्यों के 35 जिलों से कुल 162 फिल्म प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों के प्रतिभागियों ने इसमें हिस्सा लिया। रूस से भी एक फिल्म की प्रविष्टि प्राप्त हुई। प्रतियोगिता में फिल्मों का मूल्यांकन फिल्मकारों की निर्णायक समिति ने किया।
3 से 6 मिनट की श्रेणी में स्वपनिल कोटरीवार की ‘दूसर छोर’ प्रथम, होमेन्द्र कुमार की ‘जरूरत’ द्वितीय और प्रकाश पटेल की ‘गुपचुप ठेला’ तृतीय रही। वहीं 1 से 3 मिनट की श्रेणी में दीपक जायसवाल की ‘एक्सेस लिंक’ प्रथम, तुषार सोलंकी की ‘Dial 1930’ द्वितीय और समीर चन्द्रा की ‘Golden Hour’ तृतीय रही।
दोनों श्रेणियों के छह विजेताओं को कुल 3.75 लाख रुपये की पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया।
‘The Cyber Trap’ ने दिखाया साइबर अपराध का जाल
समारोह में रायगढ़ पुलिस द्वारा तैयार साइबर अवेयरनेस शॉर्ट फिल्म ‘The Cyber Trap’ की स्क्रीनिंग भी की गई। फिल्म में साइबर अपराध के नए तरीकों और उनसे बचाव के उपायों को रचनात्मक तरीके से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म की कहानी और निर्देशन ऋभू समर्थ सिंह ने किया है।
कार्यक्रम में दुर्ग सांसद विजय बघेल, महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, एसएसपी शशि मोहन सिंह सहित जनप्रतिनिधि, पुलिस-प्रशासन के अधिकारी, शिक्षक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
