बीसीसीआई संयुक्त सचिव प्रभतेज सिंह भाटिया ने टीम को दी बधाई, कप्तान श्रेयस अय्यर समेत खिलाड़ियों की जमकर सराहना
रायपुर। एशियन गेम्स में भारतीय क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम कर देश का गौरव बढ़ाया है। फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 19 रनों से मात देकर लगातार दूसरी बार एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीतने का गौरव हासिल किया। टीम की इस शानदार उपलब्धि पर बीसीसीआई के संयुक्त सचिव एवं छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के पूर्व अध्यक्ष प्रभतेज सिंह भाटिया ने भारतीय टीम से मुलाकात कर खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
भाटिया ने भारतीय टीम के कप्तान श्रेयस अय्यर समेत पूरी टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात की और उनके शानदार प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम के खिलाड़ियों ने अपने खेल, जज्बे और शानदार प्रदर्शन से देश का मान बढ़ाया है। एशियन गेम्स जैसे बड़े अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतना भारतीय क्रिकेट के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि है।
इस खास मौके पर आईसीसी अध्यक्ष जय शाह और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया भी मौजूद रहे। वहीं भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पी.टी. ऊषा की मौजूदगी ने भी इस उपलब्धि के उत्सव को खास बनाया।
फाइनल मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 19 रन से जीत दर्ज की। भारतीय खिलाड़ियों ने दबाव भरे मुकाबले में शानदार संयम और आक्रामक खेल का परिचय दिया। जीत के साथ ही भारत ने एशियन गेम्स क्रिकेट में अपना दबदबा कायम रखते हुए लगातार दूसरी बार स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।
प्रभतेज सिंह भाटिया ने कप्तान श्रेयस अय्यर और पूरी भारतीय टीम को इस ऐतिहासिक सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि भारतीय खिलाड़ी भविष्य में भी देश के लिए इसी तरह गौरव हासिल करते रहेंगे।
