1.22 करोड़ का गांजा बरामद, 50 लाख की लग्जरी बस जब्त; मलकानगिरी से GPM-कोरबा तक था सप्लाई रूट
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पेंड्रा पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने Jaguar बस से 245 किलो गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की कीमत करीब 1 करोड़ 22 लाख 50 हजार रुपये आंकी गई है। तस्करी में इस्तेमाल की जा रही करीब 50 लाख रुपये कीमत की Jaguar बस क्रमांक OD30D0606 को भी पुलिस ने जब्त किया है। मामले में बस मालिक दिलीप हिंडिया और उसके साथी भीमसेन केवट को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक गांजे को 49 पैकेटों में पैक कर ओडिशा के मलकानगिरी से छत्तीसगढ़ लाया जा रहा था। तस्करों का रूट मलकानगिरी से GPM होते हुए कोरबा तक बताया जा रहा है। पुलिस ने बस की जांच के दौरान गांजे की बड़ी खेप बरामद की। आरोपियों के पास से तीन मोबाइल फोन भी मिले हैं।
साइबर टीम की मदद से बिछाया जाल
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देशन में जिले में नशे के कारोबार और अंतरराज्यीय तस्करी पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा के मार्गदर्शन में पुलिस ने तस्करी के नेटवर्क की जानकारी जुटाकर कार्रवाई की रणनीति तैयार की। पेंड्रा थाना प्रभारी रणक्षोर सेंगर और साइबर टीम की भूमिका भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण रही।
नेटवर्क के दूसरे लोगों की तलाश
245 किलो गांजे की बरामदगी के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुट गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गांजा कहां से लाया गया था, इसे किसे सौंपना था और इस कारोबार में इनके साथ और कौन लोग जुड़े हैं, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस को पूछताछ में अंतरराज्यीय नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में सुराग मिलने की उम्मीद है।
एसपी मनोज कुमार खिलारी ने कहा कि जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस का फोकस नशे की खेप पकड़ने के साथ-साथ इसके पीछे सक्रिय पूरे नेटवर्क तक पहुंचने पर है।
