ऑक्सीजोन गार्डन के पास यात्री से 3 हजार नकद और मोबाइल छीना, वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा भी जब्त
रायपुर। राजधानी में ई-रिक्शा को लूट का जरिया बनाने वाले दो आरोपियों को सिविल लाइन पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सवारी बनकर ई-रिक्शा में बैठे और मौका पाकर यात्री के साथ झपटमारी की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे के भीतर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, 13 नवंबर को मदेश मानापुरे ई-रिक्शा क्रमांक CG 04 NS 6418 में सवार होकर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान ऑक्सीजोन गार्डन के पास चालक ने ई-रिक्शा रोक दिया और अपने साथी के साथ मिलकर यात्री की जेब से 3 हजार रुपये नकद और वीवो कंपनी का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 581/2026 के तहत बीएनएस की धारा 304(2), 3(5) में मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू की। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए तथा मुखबिरों से मिली सूचना के आधार पर विकास बघेल उर्फ चिंगरी (18) और विनोद राणा उर्फ डैनी (21) को हिरासत में लिया गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात करना स्वीकार किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीना गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल ई-रिक्शा जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
