मस्कट से भारत लाए जाने के बाद ईडी की कार्रवाई; जांच एजेंसी को हवाला नेटवर्क, करोड़ों के लेनदेन और विदेशी निवेश से जुड़े अहम सुरागों की तलाश
रायपुर। बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन बुक सट्टेबाजी मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने इस अवैध सट्टेबाजी सिंडिकेट के सह-प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को 13 नवंबर 2026 को धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) की धारा 19 के तहत गिरफ्तार किया। रायपुर की विशेष PMLA अदालत ने उसे पूछताछ के लिए 19 नवंबर तक यानी सात दिनों की ईडी रिमांड पर भेज दिया है। जांच एजेंसी के मुताबिक, विदेश से भारत लाए गए इस सिंडिकेट के प्रमोटरों में वह पहला आरोपी है।
मस्कट में पकड़ा गया, प्रत्यर्पण के बाद भारत लाया गया
ईडी के अनुसार, सौरभ चंद्राकर सितंबर 2023 से जांच एजेंसियों के समन से बच रहा था। विशेष अदालत ने 4 सितंबर 2023 को उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया था। बाद में ईडी के अनुरोध पर इंटरपोल ने रेड नोटिस भी जारी किया। भारत-ओमान प्रत्यर्पण संधि के तहत मस्कट की अपीलीय अदालत ने 8 अक्टूबर 2026 को उसके प्रत्यर्पण का आदेश दिया। इसके बाद सीबीआई की टीम उसे 1 नवंबर 2026 को मस्कट से भारत लेकर आई।
जांच के मुताबिक, चंद्राकर ने वानुअतु का पासपोर्ट हासिल किया था और भारतीय नागरिकता छोड़ने का दावा भी किया था। हालांकि, भारतीय दूतावास से मिली पुष्टि के आधार पर मस्कट अदालत ने उसकी दलील स्वीकार नहीं की। आरोप है कि वह फर्जी यात्रा दस्तावेजों के जरिए मस्कट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से भागने की कोशिश कर रहा था, तभी उसे पकड़ा गया।
हर महीने 450 करोड़ रुपये की कमाई का आरोप
ईडी की जांच में सामने आया है कि सौरभ चंद्राकर और उसका सहयोगी रवि उप्पल दुबई से बेटिंग पैनल की फ्रेंचाइजी के जरिए महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन कर रहे थे। एजेंसी के मुताबिक, सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम बेनामी बैंक खातों के माध्यम से हवाला नेटवर्क के जरिए विदेश भेजी जाती थी। ईडी ने अक्टूबर 2023 की अपनी शिकायत में सिंडिकेट की मासिक कमाई करीब 450 करोड़ रुपये आंकी थी।
शादी में 200 करोड़ खर्च और विदेशी निवेश की जांच
ईडी के अनुसार, फरवरी 2023 में रास अल खैमाह में हुई सौरभ चंद्राकर की शादी में करीब 200 करोड़ रुपये नकद खर्च किए गए थे। इस आयोजन के लिए नागपुर से तीन चार्टर्ड विमान भी बुलाए गए थे। जांच में विकास गर्ग से जुड़ी कंपनियों के माध्यम से सट्टेबाजी की करीब 940 करोड़ रुपये की रकम प्राप्त होने और उसमें से लगभग 766 करोड़ रुपये अमेरिकी कंपनी Ebix Inc. के अधिग्रहण में लगाए जाने की बात भी सामने आई है।
3,500 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क करने का दावा
ईडी के मुताबिक, मामले में अब तक करीब 190 ठिकानों पर तलाशी ली गई है। लगभग 2,000 करोड़ रुपये जब्त या फ्रीज किए गए हैं, जबकि करीब 3,500 करोड़ रुपये की संपत्तियां कुर्क की गई हैं। एजेंसी ने 116 आरोपियों के खिलाफ छह अभियोजन शिकायतें दर्ज करने की जानकारी दी है।
अब सात दिन की रिमांड के दौरान ईडी सौरभ चंद्राकर से डिजिटल साक्ष्यों, कथित हवाला नेटवर्क, विदेशी कंपनियों और वित्तीय लेनदेन को लेकर पूछताछ करेगी। मामले में जांच जारी है।
