Advertisement Carousel

जनजातीय नायकों के बलिदान से प्रेरणा लेकर विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में जुटें : मुख्यमंत्री साय

बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्यमंत्री ने किया 120 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन, शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा की 28 प्रतिभाओं का सम्मान

बिलासपुर/रायपुर। जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि जनजातीय नायकों की गौरवगाथा हमें स्वाभिमान, संघर्ष और समाजसेवा की प्रेरणा देती है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के माध्यम से विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में प्रत्येक नागरिक को सहभागी बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासत का संरक्षण करते हुए उसका सर्वांगीण विकास करना राज्य सरकार का संकल्प है।

मुख्यमंत्री श्री साय रविवार को बिलासपुर के लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रिमोट का बटन दबाकर लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत वाले 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। समारोह में शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित भी किया गया।

बिरसा मुंडा और वीर नारायण सिंह के संघर्ष को किया नमन

मुख्यमंत्री ने धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के विरुद्ध संघर्ष का बिगुल फूंका। उन्होंने जनजातीय समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं और अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित किया। उनका साहस और स्वाभिमान आज भी देश की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।

उन्होंने अमर शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि अकाल के दौरान भूख से पीड़ित लोगों की सहायता कर उन्होंने अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष किया। जनजातीय समाज का इतिहास देश की स्वतंत्रता, स्वाभिमान और बलिदान का गौरवशाली अध्याय है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा 15 नवंबर को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की पहल को जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाला कदम बताया। उन्होंने युवाओं से नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह संग्रहालय का अवलोकन कर अपने महान पूर्वजों के इतिहास और योगदान को जानने का आह्वान किया।

जनजातीय अंचलों में विकास को मिल रही नई गति

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों तक मोबाइल मेडिकल यूनिट के जरिए स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक कौशल और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों तथा उच्च शिक्षण संस्थानों के विस्तार के साथ ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का वातावरण स्थापित होने से विकास की नई संभावनाएं खुली हैं। अब इन क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आजीविका से जुड़ी सुविधाएं पहुंच रही हैं। कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर जनजातीय परिवारों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!