Advertisement Carousel

कांग्रेसियों की बातों में वजन नहीं, चुनावी हार से बौखलाहट में दे रहे बयान : मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय

नक्सलवाद के खात्मे का श्रेय डबल इंजन सरकार और सुरक्षाबलों के अदम्य साहस को दिया, कांग्रेस को उपलब्धि का स्वागत करने की दी नसीहत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नक्सलवाद के खात्मे को छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कांग्रेस पर तीखा राजनीतिक हमला बोला है। उन्होंने कहा कि लगातार चुनाव हारने के कारण कांग्रेस नेता अब ‘फ्यूज बल्ब’ बन चुके हैं। उनके बयानों में कोई वजन नहीं है और वे अपनी बौखलाहट में अनर्गल बयानबाजी कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कांग्रेस ने कभी नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ने का साहस नहीं दिखाया। इसके विपरीत, जब प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का आशीर्वाद एवं मार्गदर्शन मिला, तब सुरक्षाबलों के जवानों ने अदम्य साहस और पराक्रम का परिचय देते हुए नक्सलवाद के खात्मे की दिशा में ऐतिहासिक सफलता हासिल की।

उन्होंने कहा कि नक्सलवाद का अंत छत्तीसगढ़ के लिए सौभाग्य और गौरव का विषय है। यह उपलब्धि केंद्र और राज्य सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति, प्रभावी रणनीति तथा सुरक्षाबलों के शौर्य का परिणाम है।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेताओं को नसीहत देते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन प्रदेश की इतनी बड़ी उपलब्धि पर कांग्रेस को स्वागत करना चाहिए। नक्सलवाद से मुक्ति छत्तीसगढ़ के विकास, शांति और खुशहाली के नए रास्ते खोलने वाली है। ऐसे महत्वपूर्ण अवसर पर सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने के बजाय विरोध और बयानबाजी करना कांग्रेस की बौखलाहट को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!