खाद्य विभाग की टीम ने लिए सैंपल, जांच तक कोल्ड स्टोरेज में रखवाया माल; कार्रवाई के दौरान कार सवार ने किया विरोध
रायपुर। छत्तीसगढ़ खाद्य विभाग की टीम ने सोमवार देर रात नकली और संदिग्ध पनीर के खिलाफ कार्रवाई करते हुए धनेली में एक पिकअप वाहन और कार से पनीर की खेप पकड़ी। दोनों वाहनों से करीब 33 डिब्बे बरामद किए गए हैं। खाद्य विभाग ने सभी डिब्बों से नमूने लेकर जांच के लिए प्रक्रिया शुरू कर दी है।
खाद्य नियंत्रक दीपक अग्रवाल के निर्देश पर सहायक आयुक्त डोमेंद्र ध्रुव की टीम ने वाहनों को रोककर जांच की। पिकअप में 50-50 किलो के लगभग 30 डिब्बे लोड थे, जबकि कार से तीन डिब्बे मिले। अधिकारियों के मुताबिक, कार सौरभ शर्मा की थी, जो मौके पर मौजूद था। कार्रवाई के दौरान उसने विरोध किया और अधिकारियों से बहस भी की। टीम ने बताया कि उसने कार से निकलने का प्रयास भी किया।
जांच के दौरान कार में रखे पनीर के डिब्बों में उत्पाद सफेद सादी झिल्लियों में पैक मिला। वहीं पिकअप में हिमांशु बंसल नामक पनीर फैक्ट्री के ब्रांड का माल था, जिस पर उत्पाद संबंधी जानकारी अंकित थी। अधिकारियों के अनुसार, हिमांशु की फैक्ट्री के पनीर का पूर्व में एनालॉग होने का संदेह जताया गया था, हालांकि उसका पिछला सैंपल जांच में पास हुआ था।
खाद्य नियंत्रक दीपक अग्रवाल ने सभी डिब्बों को खोलकर जांच करने के निर्देश दिए। इसके बाद नमूने लेने की कार्रवाई की गई और पूरी खेप को जांच रिपोर्ट आने तक कोल्ड स्टोरेज में रखवा दिया गया है। विभाग के मुताबिक, सौरभ शर्मा का माल इससे पहले भी रेलवे और पिकअप वाहन से परिवहन के दौरान पकड़ा जा चुका है।
अब प्रयोगशाला जांच के बाद ही पनीर की गुणवत्ता और उसकी वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
