Advertisement Carousel

आदिवासी समाज का सरकार को अल्टीमेटम, 15 तारीख को विधानसभा घेराव का ऐलान

90 विधायकों के घर दुंदुभी बजाकर जगाएंगे समाज के लोग, 11 तारीख को सीएम और मंत्रिमंडल का पुतला दहन

रायपुर। छत्तीसगढ़ में आदिवासी समाज ने अपनी संवैधानिक मांगों और लंबित अधिकारों को लेकर सरकार के खिलाफ आंदोलन का बिगुल फूंक दिया है। सर्व आदिवासी समाज ने सरकार को घेरने के लिए चरणबद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की है। समाज की बैठक में सर्वसम्मति से तीन चरणों में आंदोलन करने का निर्णय लिया गया। आंदोलन के तहत प्रदेश के सभी 90 विधायकों के निवास पर दुंदुभी बजाकर उन्हें जगाया जाएगा और मांगों का ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 11 तारीख को मुख्यमंत्री सहित पूरे मंत्रिमंडल का पुतला दहन और 15 तारीख को विधानसभा घेराव किया जाएगा।

समाज के पदाधिकारियों का कहना है कि लंबे समय से आदिवासी समाज की कई मांगें लंबित हैं। संवैधानिक अधिकारों और जनहित के मुद्दों पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए यह आंदोलन किया जा रहा है। पहले चरण में विधायक निवासों पर दुंदुभी बजाना प्रतीकात्मक रूप से जनप्रतिनिधियों को उनकी जिम्मेदारी याद दिलाने का प्रयास होगा।

समाज ने चेतावनी दी है कि यदि मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। 11 तारीख को पुतला दहन के जरिए सरकार के प्रति नाराजगी जाहिर की जाएगी, जबकि 15 तारीख को विधानसभा का घेराव कर अपनी आवाज सदन तक पहुंचाने की कोशिश होगी।

बैठक में सर्व आदिवासी समाज के संरक्षक अरविंद नेताम, पूर्व विधायक शिशुपाल सोरी और कार्यकारी अध्यक्ष बी.एस. रावटे सहित समाज के प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे। समाज ने दावा किया है कि आंदोलन में विभिन्न आदिवासी संगठन एकजुट होकर भाग लेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!