कोरिया / कोरिया जिले के रामानुज मिनी स्टेडियम मे आयोजित राज्योत्सव का तयशुदा कार्यक्रम अपने निर्धारित समय से दो घण्टे विलंब से शुरू हुआ। इतना ही नही कार्यक्रम के बारे मे न तो शहरवासियों को ही इसकी जानकारी थी और न ही ग्रामवासियों को इसकी खबर। कार्यक्रम शुरू होने के चंद मिनट पहले कार्यक्रम में लगाये गये लाउडस्पीकर के शोर गुल से इसकी जानकारी मिली कि शहर में राज्योत्सव का आयोजन भी किया गया है।
हलांकि प्रशासन के दौरान दिखावे की चमक – धमक को ध्यान मे रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टाल लगाये गये थे। जिसके माध्यम से आमजनों को शासकीय योजनाओं की जानकारी देनी थी परंतु कार्यक्रम में आमजन जानकारी के अभाव में नही पहुंच सके। खास बात यह रही कि उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे प्रदेश के मंत्री भईयालाल राजवाडे व्यवस्था देख कर SDM अमृतलाल ध्रु पर भड़क उठे और उन्होने जमकर उन्हें खरी – खोटी सुनाई। खरी – खोटी सुनाने के बाद आनन – फानन में प्रशासन द्वारा इस एक दिवसीय कार्यक्रम को बढ़ा कर दो दिवसीय कर दिया गया है। गौरतलब है कि चंद दिनों पहले प्रशासन द्वारा महज सांस्कृतिक कार्यक्रम के आयोजन की सांकेतिक सूचना मात्र दी गई थी जिसके बाद प्रशासनिक तड़क – भड़क दिखाने के लिये सभी विभागों को जल्दीबाजी में स्टाल लगाने के निर्देश दिये गये थे। प्रदेश के राज्योत्सव के जिला स्तरीय इस आयोजन के लिये प्रशासन द्वारा समुचित प्रचार – प्रसार की व्यवस्था नही करने की वजह से लोग – बाग इससे अछूते ही रहे। हलांकि भीड़ – भाड़ दिखाने के उद्देष्य से प्रशासन द्वारा स्कूली बच्चों को सुबह से लेकर देर शाम तक बैठाये रखा गया जिसकी वजह से बच्चे परेशान नजर आये।
