रायपुर / मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने छत्तीसगढ़ महिला हैण्डबाल टीम की खिलाड़ियों को 45 वीं सीनियर महिला राष्ट्रीय हैण्डबाल चैम्पियनशिप में ग्यारह वर्ष बाद रजत पदक जीतने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। इस प्रतियोगिता का आयोजन भिलाई में पिछले माह की 23 से 28 तारीख तक किया गया। छत्तीसगढ़ महिला हैण्डबाल टीम की खिलाड़ियों नेे आज सवेरे यहां मुख्यमंत्री से उनके निवास कार्यालय में मुलाकात कर उन्हें अपनी उपलब्धियों की जानकारी दी और उन्हें इस प्रतियोगिता में जीता कप और मैडल दिखाये। मुख्यमंत्री ने टीम की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें उज्जवल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। छत्तीसगढ़ ओलम्पिक संघ के उपाध्यक्ष विक्रम सिसोदिया भी इस अवसर पर उपस्थित थे। प्रतिनिधि मण्डल में छत्तीसगढ़ हैण्डबाल एसोसिएशन के सचिव बशीर अहमद खान, छत्तीसगढ़ महिला हैण्डबाल टीम की खिलाडी कुमारी रुपा शाह, कुमारी रजनी, कुमारी कंचन महानंद, कुमारी भाविका रामटेके, कुमारी दुर्गा स्वामी, कुमारी चित्रा, कुमारी ए.प्रिया राव, कुमारी चितेश्वरी धु्रव, कुमारी पूनम यादव, कुमारी मुकेश्वरी, कुमारी अनुजा दुबे, टीम के कोच एम. सुरेश कुमार और एस.प्रभाष, मेनेजर श्रीमती एम.विजया रेडडी सहित सर्वश्री अब्दुल रहीम और जी.सुरेश पिल्लई शामिल थे।
छत्तीसगढ़ की महिला हैंडबॉल टीम ने राज्य निर्माण के बाद विभिन्न राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में 17 स्वर्ण पदक, 16 रजक पदक और 11 कांस्य पदक सहित कुल 44 पदक जीते हैं।
