फुटबाल विश्व का सर्वाधिक लोकप्रिय खेल : भईयालाल राजवाड़े

00 मिशन इलेवन मिलियन के तहत भारत के हर बच्चों को फुटबाल से जोड़ा जाएगा

रायपुर / भारत सरकार के युवा कार्यक्रम और खेल मंत्रालय के तहत मिशन इलेवन मिलियन का एक दिवसीय सेमिनार आज राजधानी के पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के प्रेक्षागृह में आयोजित किया गया। प्रदेश के खेल और युवा कल्याण मंत्री भईयालाल राजवाड़े मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।                       उन्होंने कहा कि फुटबाल विश्व का सर्वाधिक लोक प्रिय खेल है। हमारे देश को फीफा अण्डर 17 विश्व कप की मेजबानी मिली है, जिससे पूरा देश गौरवान्वित महसूस कर रहा है। उन्होने कहा कि इस मेजबानी से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के उस विजन को आगे बढ़ाना है, जिसके तहत उनका सोच है कि भारत का हर बच्चा फुटबाल खेले। उन्होंने स्कूली बच्चों में उत्साह जगाया और कहा कि वे इसकी तैयारी अभी से करें और विश्व स्तरीय खिलाड़ी बनकर राज्य तथा देश का नाम रोशन करें। कार्यक्रम में मुख्य रूप से सचिव खेल विभाग सोनमणि बोरा, संचालक अविनाश चंपावत, मिशन इलेवन मिलियन का डायरेक्टर जाय भट्टाचार्य, प्रोजेक्ट प्रमुख सुश्री सानिया मिनोचा, उप संचालक खेल विभाग ओ.पी. शर्मा सहित विभिन्न स्कूलों से आए छात्र-छात्राएं, प्रधानाचार्य, शारीरिक शिक्षा अध्यापक एवं कोचेज उपस्थित थे।
खेल मंत्री राजवाड़े ने बताया कि मिशन इलेवन मिलयन फीफा (फेडरेशन इंटरनेशनल द फुटबाल एसोसिएशन) और एआईएफएफ (ऑल इंडिया फुटबाल फेडरेशन) के स्वामित्व की पहल है। जिसे भारत सरकार का समर्थन प्राप्त है। मिशन इलेवन मिलियन भारत का सबसे बड़ा स्कूल सम्पर्क प्रोग्राम है। जिसका उद्देश्य फुटबाल को भारत के युवाओं का मनपसंद खेल बनाना है। इस मिशन के द्वारा देश के कम से कम 11 मिलियन स्कूली बच्चों को जो सक्रिय रूप से फुटबाल खेलते हैं। उन्हें इस इवेन्ट में शिरकत करने के लिए बुलाने का इरादा जताया गया है। श्री राजवाड़े ने कहा कि ब्राजील एवं दक्षिण आफ्रिका जैसे देशों में जयादा सुविधाएं न होने पर भी विभिन्न खेलों में विजेता बने हुए हैं। हमारे छत्तीसगढ़ राज्य के बच्चों में टेलेंट की कोई कमी नहीं है। विश्व स्तरीय प्रतिभा बन कर उभर सकते हैं। हमें इसके लिए जन समर्थन की आवश्यककता है। उन्होंने स्कूली बच्चों को फुटबाल में बेहतर उपलब्धि हासिल करने के लिए उत्साह जगाते हुए शुभकामनाएं दी तथा बच्चों के डाइटमनी को भी बढ़ाने की बात कही।

error: Content is protected !!