नई दिल्ली / दिल्ली में कांग्रेस नेताओं के साथ पाक राजनयिकों की बैठक के मामले में पाकिस्तान के बयान पर भारत ने पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने पाकिस्तान को खरी-खरी सुनाते हुए कहा इस्लामाबाद, भारत को लोकतंत्र का पाठ न सिखाए, हमें अपने लोकतंत्र पर गर्व है।
गुजरात विधानसभा चुनाव के दौरान ही पाकिस्तान के राजनयिकों के साथ बैठक करके कांग्रेस सियासी भंवर में फंस गयी है। प्रधानमंत्री ने जहां रविवार को रैली में इस पर कांग्रेस को आडे हाथों लिया वहीं सोमवार को बीजेपी के तमाम दिग्गज इस मामले पर कांग्रेस पर हमला करते दिखे।
पार्टी ने आतंकवाद और पाकिस्तान पर राष्ट्रीय नीति का उलंघन करने पर कांग्रेस से माफी मांगने की को कहा है। साथ ही पार्टी ने पाकिस्तान पर निशाना साधा और कहा कि वो भारत को नसीहत न दे। गुजरात विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान पीएम मोदी ने रविवार को एक रैली में मणिशंकर अय्यर के घऱ हुई पाकिस्तान के राजनयिकों की बैठक का जिक्र करके मामले को गरमा दिया था। इस पर पाकिस्तान की ओर से आयी प्रतिक्रिया पर बीजेपी ने कड़ा रुख अख्तियार किया है। केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला और कहा कि राष्ट्रीय नीति का उल्लंघन करने पर उसे माफी मांगनी चाहिए। पाकिस्तान के बयान को आडे हाथों लेते हुए भारत ने बयान की कडी निंदा की है। केन्द्रीय मंत्री और बीजेपी नेता रविशंकर प्रसाद ने पाकिस्तान को नसीहत न देने की सीख दी और कहा कि उसका आतंकवाद को भारत में बढावा देना जगजाहिर है।
रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस नेता आनंद शर्मा के बयान पर हैरानी जताते हुए कहा कि वो बार बार अपना बयान ही बदल रहे हैं। गौरतलब है कि आनंद शर्मा ने पहले इस बैठक पर सफाई देते हुए कहा था कि पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री शादी में आए थे, उनके लिए डिनर की व्यवस्था की गई थी जिसमें कुछ पूर्व राजनयिक और पूर्व सेना प्रमुख शामिल थे। हालांकि बाद में इस बैठक की पुष्टि हो गयी।
गौरतलब है कि रविवार को पीएम ने कहा था कि मीडिया रिपोर्ट्स में ऐसी ख़बर आयी कि मणिशंकर अय्यर के घर पर बैठक हुई थी। इसमें पाकिस्तान के उच्यायुक्त, पाकिस्तान के पूर्व विदेश मंत्री, भारत के पूर्व उपराष्ट्रपति हामिद अंसारी और पूर्व प्रधानमंत्री मनमनोहन सिंह शामिल थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि ये बैठक करीब तीन घंटे चली और इसके अगले दिन ही मणिशंकर अय्यर ने पीएम के खिलाफ विवादास्पद बयान दिया। पीएम ने एक और रैली में पाकिस्तान सेना के पूर्व डीजी सरदार अरशद रफीक के फेसबुक पोस्ट का हवाला देते हुए कहा था कि वो कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अहमद पटेल को गुजरात का अगला मुख्यमंत्री बनाने में लगे हैं।
हालांकि पाकिस्तान ने गुजरात चुनाव में अपना कोई हाथ होने की बात से इंकार किया है। फिलहाल पाकिस्तान और कांग्रेस कुछ भी कह रहे हों लेकिन भारत ने पाकिस्तान को सख्त तौर पर संदेश देकर बता दिया है कि हमें अपने लोकतंत्र पर गर्व है और उसे इस मामले में पाक की नसीहत की जरुरत नहीं है।
