** एस डी ओ पी मनेन्द्रगढ़ व टी आई ने दी जानकारी
** मनेन्द्रगढ़ थाना क्षेत्र का मामला
कोरिया / मनेंद्रगढ़ पुलिस ने एक मोटरसाइकिल चोर को पकड़कर चोरी की तीन मोटर साइकिलें बरामद की हैं। इन तीन मोटर साइकिलों में से आरोपी युवक ने दो मोटर साइकिलें बेच दी थीं, जबकि तीसरी उसने अपने उपयोग के लिए रखी थी। मनेन्द्रगढ़ शहर के रिहायशी इलाकों से बीते कुछ दिनों से एक के बाद एक मोटर साइकिल चोरी पुलिस के लिए चुनौती बनी हुई थी। मोटर साइकिल चोर को पकड़ने के लिए थाना प्रभारी विमलेश दुबे ने अपने मुखबिरों को सक्रिय कर रखा था। इस बीच पुलिस को जानकारी मिली कि जनकपुर थाना क्षेत्र के ग्राम रौढ़िया का यंत्री प्रसाद उर्फ राजू बैगा, जो पिछले कुछ दिनों से बैगापारा चन्वारी डांड में रह रहा है, मोटरसाइकिल चोरी की वारदात में शामिल है।

मनेंद्रगढ़ एसडीओपी अनुज गुप्ता ने बताया कि इस सूचना पर पुलिस ने युवक को बुलाकर पूछताछ की तो उसने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने 3 मोटरसाइकिल की चोरी की है। इनमें से एक उसके पास है, जबकि दो मोटर साइकिलें उसने अलग-अलग जगहों पर बेच दी हैं। आरोपी युवक की निशानदही पर पुलिस ने तीनों मोटर साइकिलों को बरामद कर लिया। दोनों खरीदारों सहित तीनों आरोपियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।
3 मोटर साइकिल समेत 3 युवक गिरफ्तार
