बलरामपुर से सुनील ठाकुर…
प्रजातंत्र में पंचायत को अधिकार है कि गांव का विकास जनता के फायदे के लिए हो और प्रत्येक गांव को स्वच्छ, सुन्दर एवं शिक्षित बनाने की जिम्मेदारी सब पंचायत प्रतिनिधियों की होनी चाहिए। उक्ताश्य के विचार प्रदेश के गृह, जेल एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री रामसेवक पैकरा ने आज राष्ट्रीय पंचायत दिवस के अवसर पर व्यक्त किया।
इस दौरान कार्यक्रम में अपने पंचायत में शत्-प्रतिशत प्रधानमंत्री आवास निर्माण करने वाले सरपंचों को सम्मानित किया गया। जिला मुख्यालय बलरामपुर के डी.पी.आर.सी. भवन में 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायत दिवस मनाया गया।
इस अवसर पर प्रदेश के गृह, जेल एवं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री रामसेवक पैकरा ने कहा कि आम जनता के जीवन में परिवर्तन कैसे आता है। हम देखते हैं कि अशिक्षा के कारण हमारा विकास रूका है। देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेई ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया, तब से छत्तीसगढ़ प्रदेश का विकास तेजी से हो रहा हैं। पूर्व प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना बनाकर ग्रामीण बसाहट को पक्की सड़क से जोड़ने का अद्भूत कार्य किया। गृहमंत्री ने कहा कि गांव के मूलभूत विकास में पेयजल हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसके साथ गांव को सुन्दर, स्वच्छ एवं शिक्षित कैसे बने, इसके लिए कार्य करने की जरूरत है तथा बजट के उपलब्धता के आधार पर कार्य कराना है। उन्होंने कहा कि किसी भी पंचायत के अन्दर रहने वाले पात्र एवं जरूरतमंद व्यक्ति को शासन के जन कल्याणकारी योजना का लाभ दिलाना, महिला स्व सहायता समूहों को कम ब्याज पर ऋण दिलाकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना तथा गांव के पढ़े-लिखे शिक्षित बेरोजगारों को कौशल प्रशिक्षण दिलाकर स्वयं का रोजगार एवं व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बनाना है। गृहमंत्री ने राष्ट्रीय पंचायत दिवस के अवसर पर देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा देश की जनता के सम्बोधन के संबंध में जानकरी दी और 2022 तक कृषकों की आय दुगुनी करने के लिए गन्ना एवं लाभदायक फसल लेने बात की।
कलेक्टर हीरालाल नायक ने कहा कि राष्ट्रीय पंचायत दिवस का आयोजन बहुत ही महत्वपूर्ण है। देश की 80 प्रतिशत जनता गांव में रहती है और उस जनता को आर्थिक आजादी देना है, इसके लिए देश में 73 वें संविधान संशोधन किया गया और वर्ष 1993 में पंचायती राज व्यवस्था लागू हुआ। सात लाख 30 हजार की जनसंख्या वाले बलरामपुर-रामानुजगंज को वर्ष 2012 में जिला बनाया गया कि जिले के लोगों को अपने कामकाज के लिए अधिक दूरी न जाना पडे। उन्होंने कहा कि राशन कार्ड के माध्यम से गरीब परिवारों को सस्ते दर पर चावल एवं रोजगार गारंटी योजना के तहत् पंजीकृत लोगों का जाब कार्ड बनाया गया है और उनके मांग के अनुरूप उनके पंचायतों में स्थानीय स्तर पर काम उपलब्ध कराया जाता है। कलेक्टर ने आगे कहा कि पंचायती राज व्यवस्था के तहत् गांव में रहने वाले सभी व्यक्ति को ग्राम सभा में जाना चाहिए। उन्होंने गर्भवती माताओं के टीकाकरण एवं सुरक्षित डिलीवरी के लिए नजदीकी अस्पताल में पहुंचाना पंचायतों की जिम्मेदारी बताया। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा संचालित सभी योजनाओं का निगरानी व उनके क्रियान्वयन कराने में पंचायत की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने प्रधानमंत्री द्वारा संचालित योजनाओं को अपने गांव एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने को कहा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिव अनंत तायल ने कहा कि राष्ट्रीय पंचायत दिवस का विशेष महत्व है। वर्ष 1993 में पंचायतीराज अधिनियम लागू किया गया। जिसके कारण इस दिन का विशेष महत्व है। देश में लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हो इसके लिए शासन द्वारा अनेक जनकल्याणकारी योजना संचालित की गई हैं। इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए ग्रामीण जनता द्वारा ग्रामसभा में चर्चा की जाती है और पात्र एवं सही व्यक्ति को योजना का लाभ दिया जाता है। उन्होंने कहा कि पंचायत की सभा में शिक्षा, स्वास्थ्य एवं विकास पर चर्चा की जाती है। उन्होंने लोगों से ग्रामसभा में आयोजित होने वाली बैठक में अधिक से अधिक शामिल होने बात की तथा पंचायत दिवस पर सभी को बधाई एवं शुभाकामना दिये।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष तिलासाय ने कहा कि केन्द्र एवं राज्य शासन के द्वारा ग्रामीण जनता के भलाई के लिए अनेक जनकल्याणकारी कार्य एवं योजनाएं संचालित की जा रही है। इन योजनाओं का लाभ लेने के लिए एवं ग्राम पंचायत के विकास के लिए अधिक से अधिक लोगों को ग्रामसभा की बैठक में शामिल होने की बात कही। कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष शिवनाथ यादव एवं संतोषीनगर की महिला सरपंच रेमनी सिंह ने भी सम्बोधित किये।
राष्ट्रीय पंचायत दिवस के कार्यक्रम में प्रदेश के गृहमंत्री द्वारा प्रधानमंत्री आवास शत्-प्रतिशत बनाने वाले पंचायत के सरपंचों को सम्मानित किया गया एवं प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत् महिलाओं को रसोई गैस, फुटकर मछली विक्रेताओं को आईस बाॅक्स तथा दिव्यांगजनो को बैट्री चलित ट्रायसायकल एवं सायकल का वितरण किया गया।

प्रधानमंत्री के सम्बोधन को जिले के लोगों ने सुना –
राष्ट्रीय पंचायत दिवस 24 अप्रैल को आयोजित कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री द्वारा देश के जनता के सम्बोधन का लाईव प्रसारण के लिए जिला मुख्यालय के डी.पी.आर.सी. भवन में विशेष व्यवस्था किया गया था। जिसे जिले के त्रिस्तरीय पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने देखा व सुना।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य विनय पैकरा, मुमताज खान, जनपद अध्यक्ष ममता सिंह, पार्वती आयाम एवं जिले के विभिन्न विभाग के अधिकारीगण, त्रिस्तरीय पंचायत के निर्वाचित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं मीडिया के प्रतिनिधि तथा अन्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और ग्रामीण उपस्थित थे।
