कश्मीर / वरिठ पत्रकार और राईजिंग कश्मीर के संपादक शुजात बुखारी को श्रीनगर में अज्ञात हमलावरों ने गोली मार कर हत्या कर दी। गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने हमले को कायराना बताते हुए कहा कि शांति की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। सूचना और प्रसारण मंत्री राज्यवर्धन राठौर ने कहा मीडियाकर्मियों को सुरक्षित कामकाजी माहौल देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
जम्मू कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में अज्ञात हमलावरों ने वरिष्ठ पत्रकार एवं ‘राइजिंग कश्मीर’ के संपादक शुजात बुखारी की गोली मार कर हत्या कर दी। हमले में उनके एक पीएसओ की भी मौत हो गई। शुजात बुखारी पर शहर की प्रेस कॉलोनी में हमला किया गया। हमले के बाद बुखारी को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शुजात बुखारी की हत्या की जांच शुरू कर दी है।
केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने घटना की कड़ी निंदा की और पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। राजनाथ सिंह ने अपने ट्वीट में लिखा,, ‘राइजिंग कश्मीर के संपादक शुजात बुखारी की हत्या एक कायराना कृत्य है। यह कश्मीर के लोगों की आवाज को चुप कराने की कोशिश है। वह एक साहसी और निडर पत्रकार थे। बेहद हैरान करने वाला और दर्दनाक। मेरे विचार और प्रार्थनाएं शोकग्रस्त परिवार के साथ हैं।’
जम्मू-कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने भी हमले की कड़ी निंदा की और ट्वीट कर घटना पर दुख जताया। महबूबा मुफ्ती ने लिखा, ‘शुजात बुखारी की हत्या के कारण दुखी हूं। ईद के पहले आतंक का खूंखार चेहरा फिर सामने आया है। हम इस तरह की हिंसा की निंदा करते हैं और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ हैं।
साथ ही केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री राज्य वर्धन राठौड़ ने भी इस घटना पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि मीडियाकर्मियों को सुरक्षित कामकाजी माहौल देने के लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
