दूषित हो रहे वातावरण को रोकने लिया संकल्प और डोमनहिल के मुक्ति धाम में किया पौधा रोपण

कोरिया चिरमिरी / दूषित हो रहे वातावरण को रोकने के लिए आज पेड़ लगाना ही सबसे बड़ा महत्वपूर्ण कार्य है। वृक्ष हमारे परममित्र हैं, इनका अधिक से अधिक रोपण करना, उनकी सुरक्षा करना, उन्हें कटने से बचाना, हम सबका परमदायित्व है। पौधरोपण के बाद जब यह पौधे पेड़ बन जाते है तो इसे देखकर हमें खुशी मिलती है। यह बात डॉक्टर विनय जायसवाल ने प्रेरणा महिला क्लब के तत्वावधान में डोमनहिल मुक्तिधाम में पौधरोपण करते वक्त कही। 

श्रावण माह की शुरुआत एवं मानसून की बरसात के बाद क्षेत्रभर में कॉलेज, स्कूल एवं विभिन्न संगठनों की ओर से पौधरोपण किया जा रहा है। इसी तारतम्य में गोदरीपारा प्रेरणा महिला मंडल की सदस्या नीतू जोशी, रीना वर्मा, कमलेश कौर, शिल्पी जैन, कविता महाराज, शर्मिला जेना, वर्षा बधावन, संजू बद्येल, सुषमा श्रीवास्तव, कल्पना जायसवाल, कमलजीत कौर, सुदेश बधावन, सुनैना, हरजीत कौर, नीलम राय, किरण ओझा, कल्पना केशरवानी, अलका द्विवेदी, सावित्री बद्येल ने गुरुवार को डोमनहिल मुक्तिधाम सड़क किनारे, एवं बाउंड्री वाल के पास पौधरोपण किया।

पूर्व सभापति गायत्री बिरहा ने कहा कि हम सभी संकल्प ले कि अधिक से अधिक पौधे लगाएंगे साथ ही उनकी सुरक्षा भी करेंगे।

इस दौरान उपस्थित महापौर के डोमरु रेड्डी ने कहा कि आज की सबसे बड़ी समस्या प्रदूषण है। जिसका हमारे पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। प्रदूषण से निपटने व पर्यावरण को संरक्षित रखने के लिए यह आवश्यक है कि अधिक से अधिक संख्या में पौधरोपण करें। 

निगम आयुक्त खजांची कुम्हार ने कहा कि निगम के पौधरोपण अभियान को महिलाओं ने प्रोत्साहित किया है। लोगों में पौधे लगाने व उनकी सुरक्षा व संवर्धन की दिशा में रूचि आई है।

error: Content is protected !!