एशियाई खेलों में भारत के लिए आज सुनहरा दिन है। टेनिस में बोपन्ना-शरण की जोड़ी ने स्वर्ण पदक पर कब्जा किया है। 10 मीटर एयर पिस्टल में हिना सिद्धु ने जीता कांस्य पदक। क्वाड्रपल स्कल्स टीम स्पर्धा में भी मिला स्वर्ण। एशियाई खेलों में रोहन बोपन्ना और दिविज शरण की जोड़ी ने भारत को पुरुष युगल टेनिस स्पर्धा में स्वर्ण पदक दिला दिया है। फाइनल में बोपन्ना और शरण की जोड़ी ने कज़ाखस्तान की जोड़ी को 6-3,6-4 से मात दी।
निशानेबाज़ी में आज महिलाओं की 10 मीटर पिस्टल स्पर्धा में भारत की हीना सिद्धू ने कांस्य पदक जीता है। गोल्डकोस्ट खेलों की स्वर्ण पदक विजेता मनु भाकर ने एक बार फिर निराश किया और इस स्पर्धा में भी वे पदक जीतने में नाकाम रहीँ।
इससे पहले भारत ने 18वें एशियन गेम्स में छठे दिन आज रोइंग इवेंट में पहला स्वर्ण पदक हासिल किया। स्वर्ण सिंह, भोनाकल दत्तू, ओम प्रकाश और सुखमीत सिह की टीम ने रोइंग में पुरुषों की क्वाड्रपल स्कल्स टीम स्पर्धा का स्वर्ण अपने नाम किया। भारतीय टीम ने फाइनल में 6 मिनट और 17.13 सेकेंड का समय लेकर पहला स्थान हासिल किया।
इससे पहले रोइंग में भारत को आज सुबह 2 कांस्य पदक हासिल हुए। पुरुषों की लाइटवेट सिंगल स्कल्स में भारत को कांस्य पदक हासिल हुआ है। भारत के दुष्यंत चौहान ने 7 मिनट 18. 76 सेकेंड में दूरी को तय करके तीसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा में कोरिया को स्वर्ण और हांगकांग को रजत पदक मिला। इस बार के एशियाई खेलों के रोइंग का भारत में यह पहला मेडल है।
पुरुषों की लाइटवेट डबल्स स्कल्स में भारत के रोहित कुमार और भगवान सिंह की जोड़ी ने कांस्य पदक जीतने में सफलता पाई। भारतीय जोड़ी ने 7 मिनट 4. 61 सेकेंड में दूरी को तय करके तीसरा स्थान हासिल किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाइटवेट डबल्स स्कल्स में पदक जीतने वाले रोहित कुमार और भगवान सिंह को ट्वीट कर बधाई दी है। पीएम ने कहा, एशियाई खेलों में रोहित कुमार और भगवान सिंह की जोड़ी को पुरुषों की लाइटवेट डबल्स स्कल्स में कांस्य पदक जीतने पर बधाई। उनके शानदार प्रदर्शन ने पूरे देश को बेहद खुश कर दिया है।
रोइंग में कांस्य पदक जीतने वाले रोहित कुमार और भगवान सिंह को खेल मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने बधाई दी है। उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा- ” रोहित कुमार और भगवान सिंह का एशियाई खेल 2018 में पुरुषों की लाइटवेट डबल्स स्कल्स में क्या शानदार प्रदर्शन रहा। मैं उनके बेतरीन प्रदर्शन पर उन्हें बधाई देता हूं।
