सूरजपुर / एसईसीएल बिश्रामपुर से संबद्ध अमेरा कोयला खदान परिसर में एंबुलेंस के पलट जाने से एंबुलेंस में सवार एक कर्मचारी की मौत हो गई, वहीं दो कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हैं, जिन्हें इलाज हेतु अपोलो अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया है।
इस संबंध में एसईसीएल सूत्रों ने बताया कि अमेरा खदान में फिटर के पद पर कार्यरत कालरी कर्मचारी यादनाथ केराम आत्मज धर्म नाथ सिंह केराम 47 वर्ष निवासी पतरापारा सूरजपुर की सड़क हादसे में मौत हो गई। जबकि दो अन्य कर्मचारी अयोध्या प्रसाद पांडे निवासी अंबिकापुर और दिनेश कुमार सिंह निवासी अंबिकापुर को गंभीर चोट आई है जिन्हें उपचार हेतु सड़क मार्ग से अपोलो अस्पताल बिलासपुर रेफर किया गया है।
सूत्रों ने बताया कि मृतक याद नाथ सिंह केराम समेत अन्य कर्मचारी अमेरा एसईसीएल कालरी की खदान परिसर में एंबुलेंस से हाजिरी लगाने के लिए सब स्टेशन जा रहे थे। उसी दौरान अनियंत्रित होकर एंबुलेंस पलट गई और मृतक याद नाथ केराम की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि एंबुलेंस में सवार अन्य कर्मचारियों को भी चोट आई है जिनमें से 2 कर्मचारियों को बिलासपुर रेफर किया गया है।
मृतक के परिजनों ने उठाए सवाल – मृतक के छोटे भाई गोंगपा नेता जयनाथ सिंह केराम ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए बताया कि खदान परिसर में एंबुलेंस का उपयोग किन परिस्थितियों में किया गया या तो खदान परिसर में कोई दुर्घटना हुई हो और उन्हें इलाज के लिए भेजा गया हो या फिर एंबुलेंस का दुरुपयोग श्रमिकों को लाने ले जाने में किया जा रहा हो, यह विचारणीय प्रश्न है कि जिस एंबुलेंस का उपयोग किया जा रहा था उस एंबुलेंस में ना तो पंजीयन क्रमांक है और ना ही अधिकृत चालक ड्यूटी में पाया गया है जो चालक एंबुलेंस का संचालन कर रहा था वह शराब के नशे में धुत बताया जा रहा है। इन परिस्थितियों में एसईसीएल में कार्यरत मजदूरों कर्मचारियों की सुरक्षा भगवान भरोसे नजर आ रही है।
