कोरिया / स्व के पी सिंह आयोजन समिति के तत्वावधान में ” लज्जया” स्व अशोक कुमार अलंग सम्मान समारोह का आयोजन सेंट जोसेफ हाई स्कूल के भव्य आडिटोरियम में किया गया। समारोह में जिले भर के दसवीं एवं बारहवीं के प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त दस – दस छात्रों का लज्जया एवं अशोक अलंग सम्मान से सम्मानित किया गया।
समारोह में बैकुंठपुर की विधायक श्रीमती अम्बिका सिंह देव, मनेन्द्रगढ़ के विधायक डॉ विनय जायसवाल, नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जायसवाल, कलेक्टर कोरिया डोमन सिंह, आयोजन के सूत्रधार बिलासपुर कलेक्टर डॉ संजय अलंग, अंजना कालरा, अरुण खत्री, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप गुप्ता, प्रदेश कांग्रेस सचिव योगेश शुक्ला, एस डी एम पी व्ही खेस, सहित गणमान्य नागरिकों, छात्र छात्राओं, विभिन्न शालाओं के शिक्षक, छात्रों के अभिभावकों की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंचस्थ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। आयोजन का प्रतिवेदन आशीष गुप्ता द्वारा प्रस्तुत किया गया। सचिन गुप्ता द्वारा तुम बेसहारा हो तो किसी का सहारा बनो गीत की प्रस्तुति दी गई।
आयोजन में अतिथियों के द्वारा सम्बोधन दिया गया। नगर पालिका अध्यक्ष ने मेधावी छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। योगेश शुक्ला ने अलंग साहब से जुड़े संस्मरणों का जिक्र अपने उदबोधन में किया।
कलेक्टर कोरिया ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य मे सभी से सहयोग की अपील की। सुराजी शिक्षा की संकल्पना पर भी कलेक्टर साहब ने प्रकाश डाला।
डॉ संजय अलंग ने समृद्धि शाली कोरिया की परिकल्पना पर प्रकाश डालते हुए। बच्चो को पढ़ाई के क्षेत्र में आगे बढ़ने की कामना की।
मनेंद्रगढ़ के माननीय विधायक डॉ विनय जायसवाल जी ने शिक्षा व स्वस्थ्य के क्षेत्र म कोरिया जिले में बेहतर कार्य किए जाने पर जोर दिया।
बैकुंठपुर की माननीय विधायक अम्बिका सिंह देव ने स्वस्थ, शिक्षित व सुंदर कोरिया बनाने पर जोर देते हुए सभी बच्चों के स्वर्णिम भविष्य हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की।
उदबोधन के बाद प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त दसवीं व बारहवीं के छात्रों की सम्मानित किया गया। सी बी एस ई में पूरे छतीसगढ़ में प्रथम स्थान प्राप्त वंशिका पांडे, पशु प्रेमी अन्नू दुबे, सामाजिक कार्यो में उत्कृष्ट योगदान हेतु सुधीर अग्रवाल, आयोजनों में बढ़ चढ़ कर सहयोग करने वाले दीपक गुप्ता, विभिन्न आयोजनों एवम राज्य निर्वाचन आयोग के प्रचार प्रसार सामग्री के निर्माण में सहयोग देने हेतु योगेश गुप्ता, गायकी के क्षेत्र में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले ओम अग्रहरि सहित अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वालो को भी अतिथियों के द्वारा प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह व अन्य सामग्रियों के द्वारा सम्मानित किया गया। बच्चो को स्वल्पाहार व ग्रुप फोटोग्राफी के बाद कार्यक्रम का समापन किया गया।






