रायपुर, 1 जनवरी 2026।
सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण और यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से रायपुर में सड़क सुरक्षा माह 2026 का शुभारंभ दो कार्यक्रमों के साथ किया गया। पहले चरण में कलेक्ट्रेट चौक स्थित छत्तीसगढ़ महतारी प्रतिमा के समक्ष हेलमेट जागरूकता रैली निकाली गई।
रैली को एसएसपी रायपुर डॉ. लाल उमेद सिंह सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में हेलमेट पहनकर दोपहिया वाहन चला रहे नागरिकों के हाथों से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान 150 से अधिक यातायात पुलिस, थाना स्टाफ और एनजीओ प्रतिनिधि शामिल हुए। रैली कलेक्ट्रेट चौक से शास्त्री चौक, फाफाडीह, स्टेशन चौक, आमापारा, लाखेनगर होते हुए पुरानी बस्ती थाना पहुंचकर संपन्न हुई।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह स्वयं अधिकारियों के साथ हेलमेट पहनकर रैली में शामिल हुए और दोपहिया चालकों को संदेश दिया कि सड़क हादसों में अधिकतर मौतें सिर में गंभीर चोट के कारण होती हैं, जिन्हें हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है।
सड़क सुरक्षा माह के दूसरे कार्यक्रम में ग्रामीण क्षेत्रों के लिए यातायात जागरूकता रथों को रवाना किया गया। सर्किट हाउस से माननीय न्यायमूर्ति अभय मनोहर सप्रे, अध्यक्ष सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी, ने ई-रिक्शा और मालवाहक वाहनों से बने जागरूकता रथों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये रथ एक माह तक ग्रामीण इलाकों में पहुंचकर यातायात नियमों का प्रचार करेंगे और पंपलेट वितरित करेंगे।
रायपुर पुलिस ने दोपहिया चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें, यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवारजनों को भी हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक करें।
